नई दिल्ली । भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कार्यवाहक कप्तान स्मृति मंधाना न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में मिली 59 रनों की जीत से बेहद खुश हैं। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच को उन्होंने बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग बताते हुए कहा कि उनकी टीम ने शानदार गेंदबाजी और चुस्त फील्डिंग के जरिए यह जीत हासिल की। हाल ही में महिला टी20 विश्व कप में भारत का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था, जिसमें टीम सेमीफाइनल में पहुंचने में असफल रही थी। इस महीने की शुरुआत में सोफी डिवाइन की टीम ने भारत को 58 रनों से हराकर टूर्नामेंट जीत लिया। हालांकि, बृहस्पतिवार को न्यूजीलैंड ने 228 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय गेंदबाजों के आगे सरेंडर कर दिया।
मैच के बाद मंधाना ने कहा, पिछले डेढ़ से दो महीने का समय हमारे लिए कठिन रहा है। इस जीत के साथ शुरुआत करना अच्छा लगता है। अगर आप क्रिकेट में विश्वास नहीं रखते हैं, तो आप सफल नहीं होंगे। इस मैच में नियमित कप्तान हरमनप्रीत कौर को चोट के कारण आराम दिया गया था। भारतीय बल्लेबाजों ने 44.3 ओवर में 227 रन बनाकर आउट हो गए। मंधाना ने बताया, हमारे बीच चर्चा थी कि हम खराब प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन अगर हम अच्छा क्षेत्ररक्षण करते हैं, तो 20-30 रन और जोड़ सकते हैं। साइमा ने सूजी का विकेट लेकर हमें लय में लाने का काम किया।
तेज गेंदबाज साइमा ने अपने पदार्पण में 26 रन देकर 2 विकेट झटके। मंधाना ने उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा, मैं बहुत संयमित रही हूं, टीम अद्भुत है। ईमानदारी से कहूं तो यह एक सपाट विकेट था, बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग था। लेकिन हमारे गेंदबाजी ग्रुप ने अच्छा प्रदर्शन किया और सौभाग्य से यह परिणाम हमारे पक्ष में रहा। इस जीत के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने आत्मविश्वास को फिर से हासिल कर लिया है, और अब वे आगामी मैचों में अपनी रणनीति को और मजबूत करने के लिए तैयार हैं।
डेविड/ईएमएस 25 अक्टूबर 2024




