छह बार के विधायक अनिल विज को टक्कर दे रही चित्रा सरवारा
चंडीगढ़ । हरियाणा विधानसभा चुनावों में राजनीतिक माहौल दिलचस्प हो गया है। जहां बीजेपी, कांग्रेस, इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी), और जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के बीच जोरदार मुकाबला है, वहीं निर्दलीय उम्मीदवारों ने चुनावी गणित को उलझा दिया है। बागी और निर्दलीय उम्मीदवार मुख्य दलों के लिए चुनौती बने हुए हैं।
रोहतक के महम विधानसभा क्षेत्र की स्थिति इसका उदाहरण है। यह क्षेत्र भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ है, लेकिन 2019 में निर्दलीय उम्मीदवार बलराज कुंडू ने यहां से जीत हासिल की थी। कुंडू ने क्षेत्र के विकास और लड़कियों के लिए मुफ्त बस सेवा जैसी योजनाओं से जनता का भरोसा जीता है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने क्षेत्र के लिए कुंडू से ज्यादा मददगार कोई नहीं देखा, जिससे उनका समर्थन मजबूत हो गया है।
इसी तरह हिसार में सावित्री जिंदल, जिन्हें बीजेपी से टिकट नहीं मिला, निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में हैं। गरीब तबके के लोग उन्हें उनके सामाजिक कार्यों के लिए पसंद करते हैं और उनका समर्थन कर रहे हैं। अंबाला कैंट में बीजेपी के वरिष्ठ नेता अनिल विज, जो छह बार विधायक रह चुके हैं, उन्हें निर्दलीय उम्मीदवार चित्रा सरवारा से कड़ी चुनौती मिल रही है। चित्रा, जो पहले कांग्रेस में थीं, टिकट न मिलने के बाद निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं और वह काफी मजबूत दावेदार मानी जा रही हैं। इन निर्दलीय उम्मीदवारों के कारण कई सीटों पर मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है, जिससे बीजेपी और कांग्रेस के लिए हरियाणा चुनाव मुश्किल भरी राह हो गया है।






