एक ही समय में 350 विमान हो सकेंगे पार्क
नवी मुंबई । आगामी 5 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में भारतीय वायुसेना का एक विमान नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरेगा। यह एयरपोर्ट के रनवे का तीसरा परीक्षण होगा। 13 जुलाई को नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापू राम मोहन नायडू और राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा परियोजना का निरीक्षण किया था। उनका कहना था कि नवी मुंबई हवाई अड्डा मार्च 2025 तक चालू हो जाएगा। मंगलवार को सिडको अध्यक्ष विधायक संजय शिरसाट और उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक विजय सिंघल ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का दौरा किया और कार्यों की समीक्षा की। सिंघल ने कहा रनवे, टर्मिनल, सिग्नल सिस्टम, रडार और अन्य आवश्यक सिस्टम जनवरी के अंत तक तैयार हो जाएंगे और इस हवाई अड्डे से पहली उड़ान मार्च 2025 में होगी। नवी मुंबई हवाई अड्डे पर दो समानांतर रनवे और दो पूर्ण लंबाई वाले समानांतर टैक्सीवे, हवाई यातायात नियंत्रण टावर, टर्मिनल सहित अन्य कार्यों ने गति पकड़ ली है। इस हवाईअड्डे की उलवा नदी के प्रवाह को मोड़ने का काम पूरा हो चुका है और हवाईअड्डा क्षेत्र में रनवे संचालन के लिए रडार सिस्टम से लैस करने की योजना है। इससे पहले सिग्नल टेस्ट और इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम टेस्ट सफल रहे थे। इस नए हवाई अड्डे में चार टर्मिनल होंगे जिससे एक ही समय में 350 विमान पार्क हो सकेंगे।अब तीसरे परीक्षण के तौर पर पीएम मोदी की मौजूदगी में फाइटर जेट को यहां उतारा जाएगा।
– मिलेगी कनेक्टिविटी
इस हवाई अड्डे को मेट्रो, बुलेट तथा लोकल ट्रेन की कनेक्टिविटी भी मिलेगी। साथ ही एक्सप्रेस वे, उपनगरीय रेलवे तथा जलमार्ग से भी नवी मुंबई हवाई अड्डे तक पहुंचा जा सकता है। इसका फायदा ठाणे, कल्याण, मुंबई समेत समूचे महाराष्ट्र को मिलने वाला है।
– हाईटेक बाजार बढ़ेगा
यह हवाई अड्डा लॉजिस्टिक्स, व्यापार, अग्रेषण, आतिथ्य, कमोडिटी विनिर्माण और बीपीओ आदि क्षेत्रों में रोजगार पैदा करने में मदद करेगा। एयरपोर्ट से मुंबई, पुणे, नासिक और कोंकण में उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा, आसपास के क्षेत्रों में हाईटेक बाजार बढ़ने की संभावना है। यह मुंबई क्षेत्र का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा।
– विमान के लिए भूमिगत ईंधन लाइनें
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय जेट विमानों के लिए आवश्यक ईंधन हेतु जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन से हवाई अड्डे तक 22 किमी की भूमिगत पाइपलाइन बिछाई जाएगी और सीआरजेड प्राधिकरण ने इसे मंजूरी दे दी है। यह प्रस्ताव अब केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के पास गया है।






