7 नवंबर को रीगल तिराहा पर सम्मान समारोह; गीता रामेश्वरम ट्रस्ट की पहल
इंदौर । भारतीय हॉकी के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ने जा रहा है। 7 नवंबर को भारतीय हॉकी के राष्ट्रीय प्रशासनिक निकाय के गठन के 100 साल पूरे होने का ऐतिहासिक जश्न मनाया जाएगा। 7 नवंबर 1925 को ही ग्वालियर में हॉकी के लिए एक राष्ट्रीय निकाय का आधिकारिक रूप से गठन हुआ था, जिसके बाद भारतीय हॉकी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।
इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए, गीता रामेश्वरम ट्रस्ट द्वारा इन्दौर के हॉकी खिलाड़ियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद सत्यनारायण पटेल, मदन परमालिया और संयोजक संतोष यादव एडव्होकेट ने बताया कि इस समारोह में 15 वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ियों और 40 युवा हॉकी खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
यह सम्मान समारोह शहर में पहली बार हॉकी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। ट्रस्ट के संरक्षक और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल ने खेल की भावना को जागृत करने के लिए इसमें पहल की है। यह आयोजन 7 नवंबर को प्रात: 10.30 बजे, रीगल तिराहा स्थित पुलिस अधीक्षक प्रांगण में बने इंडियन कॉफी हाउस सभागृह में रखा गया है।


