रामगढ़। थाना क्षेत्र अंतर्गत डांडो पंचायत के कुशबेदिया गांव में 40 वर्षीय मंगल हांसदा की गला दबाकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक मंगल हांसदा अपनी पत्नी की मृत्यु के बाद गांव की ही एक विधवा महिला के साथ विगत कई वर्षों से पति पत्नी की तरह रह रहा था| विगत बुधवार को कुशबोना में लगने वाले साप्ताहिक हाट से मीट लाया था| किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया| पत्नी ने अंदर से कमरे को बंद कर पति की पिटाई कर दी। पत्नी के द्वारा की गई पिटाई से मंगल हांसदा की मौत हो गई। जिसके बाद भी उसकी पत्नी अंदर से रुम बंद कर वही बैठी रही। गुरुवार की सुबह जब काफी देर तक मंगल हांसदा के घर का दरवाजा नहीं खुला तो लोगो को कुछ शक हुआ। आसपास के लोगों ने बाहर से आवाज लगाई तो कोई प्रतिक्रिया नहीं देख ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़ दिया। तब ग्रामीणों को पता चला कि मंगल हांसदा की मौत हो गई है। मामले को रफा दफा करने के लिए गुरुवार को दिन भर गांव में पंचायत बैठी, मगर कोई फैसला नहीं हो सका| बाद में ग्रामीणों द्वारा मामले की जानकारी रामगढ़ के सोना बाद में रहने वाले मंगल हांसदा के भांजे को दी गई। मृतक के भांजे ने कुशबेदिया गांव पहुंचकर अपने मामा के शरीर पर जब चोट के निशान देखे तो उसे सारा माजरा समझ में आ गया। मृतक के भांजे की मानें तो मृतक के गले पर भी निशान देखा गया है जिससे प्रतीक होता है कि मार-पीट के बाद उसके मामा की गला दबाकर हत्या कर दी गई| भांजे द्वारा मामले की जानकारी रामगढ़ थाना पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को मंगल हांसदा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका स्थित फुलो झानो मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी शशिकांत साहू ने बताया कि अभी तक किसी के द्वारा आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन आने पर कार्रवाई की जाएगी।




