कोलकाता । पश्चिम बंगाल के बर्धमान रेलवे स्टेशन पर रविवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब प्लेटफॉर्म पर अचानक यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ बढ़ने से प्लेटफॉर्म नंबर 4 और 5 को जोड़ने वाली सीढ़ियों पर भगदड़ मच गई, जिसमें कम से कम 10 यात्री घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम करीब 6 बजे के आसपास प्लेटफॉर्म नंबर 4, 6 और 7 पर एक साथ तीन ट्रेनें, डाउन हावड़ा-जमालपुर एक्सप्रेस, बर्धमान लोकल और कटवा लोकल आकर खड़ी हुईं थीं। जैसे ही ट्रेनों के रवाना होने की घोषणा हुई, यात्री अपनी-अपनी ट्रेनों की ओर दौड़ पड़े। इस दौरान सीढ़ियों पर भारी भीड़ जमा हो गई और धक्का-मुक्की के बीच कई यात्री गिर पड़े, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। घायलों को तुरंत बर्धमान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है।
घटना के बाद स्टेशन पर यात्रियों में रोष देखा गया। उनका कहना है कि स्टेशन पर रोजाना हजारों यात्री आते-जाते हैं, लेकिन प्लेटफॉर्म के बीच की सीढ़ियां बेहद संकरी हैं और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती भी अपर्याप्त रहती है। यात्रियों ने आरोप लगाया कि रेल प्रशासन भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं करता, जिसके चलते ऐसी घटनाएं बार-बार होती रहती हैं। वहीं, पूर्व रेलवे प्रशासन ने इस घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।






