जरमुंडी । राखी पूर्णिमा और सावन माह की अंतिम सोमवारी पर बाबा बासुकीनाथ धाम में पवित्र जलार्पण के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। राखी पूर्णिमा के मौके पर विधि व्यवस्था मुस्तैद रही। राजकीय श्रावणी मेला के अंतिम दिन सावन की पांचवी सोमवारी पर फौजदारी बाबा के दरबार, बासुकीनाथ धाम में नागेश ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों का हूजूम सा उमड़ पड़ा। गेरूआ वस्त्रधारी कांवरिया भक्तों से पटी बाबा बासुकीनाथ नगरी पूरी तरह केसरियामय नजर आई। बोलबम के महामंत्रोच्चार से बासुकीनाथ मंदिर और फौजदारी नगरी का कोना कोना शिवमय प्रतीत हुआ। शिव की नगरी में चतुर्दिक भक्ति के बयार से आनंद और आस्था की समां बंधी थी। भोले बाबा की भक्ति में थकानभरी कांवरयात्रा से चूर कांवरिया भक्तों का दैहिक- भौतिक कष्ट मानों पवित्र जलार्पण के पश्चात मिट सी गई थी। शारिरिक कष्टों पर शिवभक्ति की स्फूर्त चेतना का विजयी मुस्कान श्रद्धालुओं के मुख पर तैर रहे थे। बोल बम का नारा है,बाबा एक सहारा है का नारा, श्रद्धालुओं के संकल्प पर बिल्कुल चरितार्थ हो रहा था। सावन की अंतिम सोमवारी पर देर रात से ही जलार्पण के लिए श्रद्धालु उत्सुकता से मंदिर की ओर आने लगे थे।किन्तु रात्रि 10 बजे के बाद दर्शनियाटीकर में श्रद्धालुओं को विधिव्यवस्था के लिए रोक लिया गया था।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


