जामताड़ा : नगर स्थित सेंट एंथोनी विद्यालय में विद्यार्थियों की रचनात्मकता और कलात्मक कौशल को प्रोत्साहित करने के लिए फूड स्टॉल, दीया सजाओ व रंगोली मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
साथ ही स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। रंगोली, पोस्टर एवं विभिन्न नारा लगाकर मतदाता को जागरूक किया गया।
इस प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों हाउस— विवेकानंद हाउस, विद्यासागर हाउस, मदर टेरेसा हाउस तथा आर्यभट हाउस,—के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य न केवल विद्यार्थियों की रचनात्मकता को मंच देना था, बल्कि उन्हें भारतीय परंपरा और संस्कृति से जोड़ना भी था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक (आर.डी.डी.ई.) आचार्य डॉ गोपाल कृष्ण झा ने बच्चों के कार्यक्रमों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को एक-दूसरे के साथ सहयोग करने, उनकी कल्पनाशक्ति को उड़ान देने और हमारी सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने की प्रेरणा देती हैं।
साथ ही इसी मंच के माध्यम से उन्होंने स्वीप कार्यक्रम तहत नवीन व युवा मतदाताओं को आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 में मतदान करने एवं अपने परिवारजनों को मतदान के लिए प्रेरित करने हेतु जागरूक किया। प्रतियोगिता के निर्णायकों में विद्यालय के प्राचार्य अरूप कुमार यादव, उप प्राचार्य लारेब खान तथा विजन ई के सेक्रेटरी श्रीमती अपर्णा भंडारी शामिल थे। उन्होंने विद्यार्थियों के डिज़ाइनों की कलात्मकता, सटीकता, और रंगों के संयोजन के आधार पर मूल्यांकन किया। निर्णायकों ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की और उन्हें उनके कलात्मक कौशल के लिए प्रोत्साहित किया। विजेता तथा उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को भी उनके प्रयासों के लिए सराहना और प्रोत्साहन मिला। इस कार्यक्रम का विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने हर्षोल्लास और रुचि के साथ आनंद लिया। इस अवसर पर विद्यालय के मुख्य संरक्षक, डॉ दुर्गा दास भंडारी, निदेशक डॉ चंचल भंडारी व प्राचार्य अरूप कुमार यादव ने संयुक्त रूप से उपस्थित जनों को दीपावली का महत्व समझाते हुए कहा कि ज्ञान रूपी प्रकाश से जीवन में कष्ट रुपी अंधेरे को समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों की कलाकारी की सराहना करते हुए पर्यावरण सुरक्षा हेतु पटाखो से दूर रहने की बात कही तथा सभी को धनतेरस, दीपावली व छठ की शुभकामनाएं दी तथा छात्र-छात्राओं को उज्जवल भविष्य की कामना की।



