कई रूट्स पर 340 फीसदी तक महंगा हुआ सफर
नई दिल्ली । अगर आप दिवाली या दुर्गा पूजा की छुट्टियों में फ्लाइट से घर जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो अब आपको अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ सकती है। त्योहारी सीजन शुरू होते ही एयरलाइंस ने हवाई किरायों में भारी बढ़ोतरी की है। कई रूट्स पर सामान्य दिनों के मुकाबले टिकटों की कीमतें कई गुना बढ़ गई हैं, कुछ मार्गों पर यह वृद्धि 340 फीसदी तक दर्ज की गई है, जिससे यात्रियों का बजट बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हवाई किराए में इस बेतहाशा वृद्धि का असर प्रमुख रूट्स पर साफ दिख रहा है। विशेष रूप से कोलकाता-देवघर रूट पर सामान्य 2,800 रुपये का किराया बढ़कर 12,500 रुपये से अधिक हो गया है। इसी तरह, दिल्ली-पटना, जहां का टिकट आमतौर पर 3,500-4,500 रुपये में मिलता था, अब 12,500 रुपये से ऊपर पहुंच गया है।
दिल्ली-अगत्ती का किराया भी 8,500 रुपये से बढ़कर 25,000 रुपये तक हो गया है, जबकि बेंगलुरु-झारसुगुड़ा का किराया 4,200 रुपये से 16,200 रुपये से अधिक हो गया है। मुंबई से बरेली और कोलकाता जैसे रूट्स पर भी किराए में भारी उछाल देखा गया है, जहां सामान्य 4,500 रुपये का टिकट अब 15,000 रुपये तक और 5,000 रुपये का टिकट 11,500-14,500 रुपये तक पहुंच गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कम प्रतिस्पर्धा वाले मार्गों पर किराये में सबसे अधिक बढ़ोतरी हुई है। इस वृद्धि के पीछे दो मुख्य कारण हैं। पहला, त्योहारी सीजन में हवाई यात्रा की मांग में अचानक उछाल और उपलब्ध सीटों की कमी, क्योंकि एयरलाइंस अपनी कीमतें मांग और सीटों की उपलब्धता के अनुसार निर्धारित करती हैं। दूसरा, 1 सितंबर से एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में 5.46 फीसदी की वृद्धि हुई है, जिससे इसकी कीमत 121.28 रुपये प्रति लीटर हो गई है। एयरलाइंस की कुल परिचालन लागत का 35-40 फीसदी ईंधन पर खर्च होता है, जिसका सीधा असर टिकटों के दाम पर पड़ रहा है।
—


