धनबाद । बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ढांगी बस्ती मड़ई थान के समीप चटनियां पुल के सामने शुक्रवार को जंगल से एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। महिला का सिर और धड़ अलग-अलग स्थानों पर मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार गांव के निवासी किशोर कुमार महतो सुबह शौच के लिए जंगल की ओर गया था। इसी दौरान उसकी नजर झाडिय़ों में महिला के पैर पर पड़ी। संदेह होने पर उसने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी.जब ग्रामीणों ने मौके पर जाकर देखा तो महिला का सिर धड़ से अलग पड़ा हुआ था।
इसके बाद ग्रामीण आशीष महतो ने तत्काल बलियापुर थाना को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही बलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल में जुट गई। घटनास्थल से अगरबत्ती और कुछ पूजा सामग्री भी बरामद हुई है। इस आधार पर स्थानीय ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि महिला की नरबलि देकर हत्या की गई है। हालांकि पुलिस ने नरबलि की बात से इनकार करते हुए कहा है कि वह सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मामले की जानकारी देते हुए बलियापुर थाना के एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि मृतका की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच प्रतीत होती है.फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है और आसपास के गांवों में पूछताछ जारी है। उन्होंने बताया कि साक्ष्य जुटाने के लिए रांची से एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया है। जांच के बाद ही हत्या के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।


