बसंतराय : प्रखंड मुख्यालय स्थित हाई स्कूल मैदान में स्टेडियम के निर्माण को लेकर जिप सदस्य एहतेशाम अहमद एवं अंचल निरीक्षक सूरत महतो ने भूमि का निरीक्षण किया। इस दौरान मैदान के पश्चिमी छोर पर प्रस्तावित डीएमएफटी मद से प्लस टू उच्च विद्यालय के भवन के निर्माण को रोके जाने का ग्रामीणों के द्वारा सुझाव दिया गया साथ ही नए भवन को स्कूल परिसर एवं अन्य जगह निर्माण करने का सुझाव दिया गया। बताते चलें कि खेल के प्रति युवाओं के रुझान को देखते हुए पर्यटन एवं कला संस्कृति खेलकूद विभाग झारखंड सरकार द्वारा युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए बीते अक्टूबर माह में प्रखंड स्तरीय स्टेडियम का निर्माण करने के लिए निविदा निकाली गई है। जिसका कार्य जनवरी 2025 तक पूरा करने की समय सीमा तय की गई है। बताते चलें कि प्लस टू उच्च विद्यालय का यह मैदान ऐतिहासिक रहा है। यहां कई दशकों से खेलकूद का आयोजन होते रहता है साथ में स्कूली बच्चों के साथ-साथ स्थानीय बच्चे भी रोजाना अभ्यास किया करते हैं। प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए पर्यटन एवं कला संस्कृति मंत्रालय के द्वारा प्रखंड स्तरीय स्टेडियम जिनकी प्राक्कलित राशि 83 लख रुपए है का निर्माण करना तय हुआ है। मौके पर जिप सदस्य एहतेशाम उल हक ने हर हाल में स्टेडियम निर्माण कराने की बात कही वहीं अंचल निरीक्षक ने भी भूमि उपलब्धता के बारे में बताया कि प्रखंड स्तरीय निर्माण करने के लिए लगभग 2.8 एकड़ पर्याप्त जमीन मौजूद है। मौके पर पंचायत समिति सदस्य मुहम्मद कैयूम, हजरत अली सहित कई लोग मौजूद थे।



