नगर परिषद चुनाव: वार्ड 11 में अनुभव और युवा जोश के बीच सीधी टक्कर
एस.के.झा.’सुमन’
दुमका। दुमका नगर परिषद चुनाव की घोषणा के साथ ही वार्ड नंबर 11 चुनावी अखाड़े में तब्दील हो गया है। गलियों में गूंजते चुनावी नारों और प्रत्याशियों की पदयात्रा ने सियासी पारे को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है। इस बार का मुकाबला इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि आरक्षण की श्रेणी में बदलाव के बाद समीकरण पूरी तरह बदल चुके हैं। पूर्व में अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित यह सीट अब एससी जनरल हो गई है, जिससे चुनावी बिसात पर नए चेहरे उभरकर आए हैं।
मुख्य मुकाबला वर्तमान पार्षद राज कुमारी देवी और युवा उम्मीदवार रमेश रजक के बीच माना जा रहा है। लगभग 2300 मतदाताओं वाले इस वार्ड में गांधीनगर, बांधपाड़ा, बगानपाड़ा और शांति नगर जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इस बार परिसीमन के कारण वार्ड नंबर 5 के कुछ परिवारों के शामिल होने से वोटों का गणित और भी उलझ गया है। वार्ड की 50 प्रतिशत युवा आबादी इस चुनाव में किंगमेकर की भूमिका में है, जो बदलाव और विकास की नई इबारत लिखने को बेताब दिख रही है। जहाँ अनुभवी प्रत्याशी अपने पिछले कार्यकाल के कार्यों को गिनाकर दोबारा सेवा का मौका मांग रहे हैं, वहीं युवा प्रत्याशी आधुनिक विजन और ‘स्मार्ट वार्ड’ के वादे के साथ मतदाताओं को लुभाने में जुटे हैं। स्वच्छता, जल निकासी और सुशासन जैसे मुद्दे इस बार चर्चा के केंद्र में हैं। अब यह देखना वाकई दिलचस्प होगा कि वार्ड की जनता पुराने अनुभव पर अपनी मुहर लगाती है या युवा नेतृत्व को चुनकर बदलाव का रास्ता साफ करती है।
—————————
प्रत्याशी का नाम: राज कुमारी देवी
क्षेत्र: वार्ड नंबर 11
सीट: आरक्षित और अन्य (अनुसूचित जाति सामान्य)
परिचय : जनता का आशीर्वाद मेरी ताकत है। सामाजिक संवेदनशीलता के साथ जन-सरोकारों की सेवा और आपके विश्वास को बनाए रखना ही मेरा संकल्प है।
———–
जनता क्यों करें आपको वोट
मैं वार्ड का मूल निवासी हूँ, अनुभवी सेवक रहा हूँ, ईमानदार विकास कार्यों से जनता का विश्वास जीता हमेशा है। इसलिए इस बार भी पुनः मुझे पूर्व के कार्य की वजह से जनता का आशीर्वाद मिलेगा।
——
सवाल : वार्ड की मुख्य समस्या क्या है और आपका 100 दिनों का एजेंडा क्या होगा?
उत्तर : नगर पालिका के सहयोग से नाली और जलभराव का स्थायी समाधान मेरी प्राथमिकता है। 100 दिनों में वार्ड को स्वच्छ और जल-निकासी मुक्त बनाना ही मेरा लक्ष्य है।
——-
सवाल : भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी पर कैसे लगाम लगाएंगे?
उत्तर : जन-भागीदारी और पूर्ण पारदर्शिता से हम बनाएंगे भ्रष्टाचार मुक्त नगर पालिका, जहाँ हर रुपया सीधे आपके वार्ड के विकास में लगेगा।
——–
सवाल : गरीबों के कल्याण के लिए आपकी क्या योजना है?
उत्तर : हम सरकारी योजनाओं और जन-भागीदारी के मेल से अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, स्वास्थ्य और रोज़गार पहुँचाकर गरीबी को जड़ से मिटाएंगे।
———-
सवाल : जनता की सीधी भागीदारी कैसे सुनिश्चित करेंगे या सिर्फ चुनाव तक ही रिश्ते रहेंगे?
उत्तर : सिर्फ चुनाव नहीं, हर हफ्ते संवाद होगा। साप्ताहिक जन-सुनवाई और 15 दिनों में समाधान से अटूट रिश्ता निभाएंगे।
—————–
प्रत्याशी का नाम: रमेश रजक
क्षेत्र: वार्ड नंबर 11
सीट: आरक्षित और अन्य (अनुसूचित जाति सामान्य)
परिचय : परिचय छोटा है पर इरादे बुलंद हैं। युवाओं का साथ और जनता का आशीर्वाद ही मेरी असली पूंजी है। अब वक्त है जमीनी मुद्दों को आवाज देने का।
———–
जनता क्यों करें आपको वोट
जनता मुझे हराने-जिताने के लिए नहीं, बल्कि बदलाव के लिए वोट दे। पिछले वर्षों की अधूरी समस्याओं और पुराने पार्षद की कार्यशैली से मुक्ति के लिए मैं एक बेहतर विकल्प हूँ। मैं युवा और शिक्षित हूँ और निरंतर सामाजिक कार्यों से जुड़ा रहा हूँ। विकास की नई सोच के लिए अपना कीमती वोट दें।
——
सवाल : वार्ड की मुख्य समस्या क्या है और आपका 100 दिनों का एजेंडा क्या होगा?
उत्तर : मेरे वार्ड की मुख्य समस्या बदहाल जल निकासी, सड़कों पर कचरा और बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। पिछले कई वर्षों से यहाँ ‘वार्ड पुत्र’ का शासन रहा है, जिसे अब क्षेत्र के युवा और जनता स्वीकार नहीं करेगी।
——-
सवाल : भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी पर कैसे लगाम लगाएंगे?
उत्तर : बोर्ड बैठक में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाकर, पारदर्शिता सुनिश्चित करेंगे और जन-भावना के सम्मान को लेकर हर फैसले की जवाबदेही तय कर भ्रष्टाचार की जड़ पर प्रहार करेंगे।
——–
सवाल : गरीबों के कल्याण के लिए आपकी क्या योजना है?
उत्तर : मैं सरकारी और गैर सरकारी योजनाओं का लाभ हर गरीब तक पहुँचाने के साथ-साथ निजी प्रयासों से सामाजिक सशक्तिकरण पर ज़ोर दूँगा। मेरा लक्ष्य शिक्षा, स्वास्थ्य और रोज़गार के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
———-
सवाल नंबर : जनता की सीधी भागीदारी कैसे सुनिश्चित करेंगे या सिर्फ चुनाव तक ही रिश्ते रहेंगे?
उत्तर : हमारा रिश्ता चुनावों तक सीमित नहीं, बल्कि दिल का है। मैं डिजिटल सेतु बनकर युवाओं और जनता की सीधी भागीदारी सुनिश्चित करूँगा। तकनीक के माध्यम से हर सुझाव और समस्या मुझ तक पहुँचेगी, ताकि शासन में आपकी आवाज़ हमेशा गूंजती रहे।
—————–
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


