वार्ड 07 से डाली देवी मैदान में, विकास कार्यों के आधार पर मांगा जनसमर्थन
3 हजार प्रधानमंत्री आवास दिलाने का दावा, मंगल तालाब सौंदर्यीकरण व विवाह भवन निर्माण का संकल्प
रामा कान्त मालवीय
देवघर:-नगर निगम चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 07 की वार्ड पार्षद प्रत्याशी डाली देवी ने अपने विकास कार्यों और आगामी योजनाओं को लेकर जनता के बीच भरोसा जताया। प्रस्तुत है उनसे बातचीत के प्रमुख अंश—
सवाल:- लोग आपको वोट क्यों देंगे?
जवाब:- मैं पूर्व में भी वार्ड पार्षद रह चुकी हूं और अपने कार्यकाल में वार्ड के विकास के लिए लगातार काम किया है। जनता मेरे कार्यों से परिचित है, इसलिए वे मुझे पुनः अवसर देना चाहती है।
सवाल:-आपके प्रमुख मुद्दे क्या हैं?
जवाब:- हमने लगभग 3 हजार प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया है। वार्ड में सड़क, नाली और बुनियादी सुविधाओं पर कार्य कराया गया है। जीत के बाद सभी क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट लगवाई जाएगी और अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा।
सवाल:-आगे की क्या योजनाएं हैं?
जवाब:-वार्ड के मंगल तालाब का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा, जहां छठ पूजा होती है। साथ ही एक विवाह भवन का निर्माण कराया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र—सिंघवा, महेश्वर और हरिपुर में सड़क, नाली, बिजली पोल व तार की समस्याओं का समाधान मेरी पहली प्राथमिकता होगी।
————————————————————————————————————————
वार्ड नंबर 27 से गीता यादव मैदान में, बोलीं—‘सेवा, पारदर्शिता और विकास ही मेरी प्राथमिकता’
देवघर:- नगर निकाय चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 27 की वार्ड पार्षद प्रत्याशी गीता यादव ने जनता से समर्थन की अपील करते हुए अपने विजन और प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। प्रस्तुत है उनसे बातचीत के प्रमुख अंश—
सवाल:-लोग आपको वोट क्यों दें?
जवाब:-मैं वार्ड नंबर 27 को स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित बनाना चाहती हूँ। वार्ड की मूलभूत समस्याएँ—सड़क, नाली, पेयजल, नियमित सफ़ाई और सुरक्षा—आज भी पूरी तरह हल नहीं हो पाई हैं। मैं इन सभी मुद्दों का ईमानदारी और प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में उतरी हूँ।
सवाल:- आपका विकास का मॉडल क्या होगा?
जवाब:-मेरे लिए विकास केवल चुनावी वादा नहीं, बल्कि एक ज़िम्मेदारी है। जो कार्य वर्षों से लंबित हैं, उन्हें पूरा करना और नई योजनाओं को लागू करना मेरी प्राथमिकता होगी। मैं वार्ड को नई दिशा देने और अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हूँ।
सवाल:-राजनीति में आपका उद्देश्य क्या है?
जवाब:- मुझे सत्ता या पद का कोई लालच नहीं है। मेरा उद्देश्य केवल सेवा, पारदर्शिता और वार्डवासियों के प्रति जवाबदेही है। मैं चाहती हूँ कि हर नागरिक को सम्मान और सुविधा मिले।
अंत में गीता यादव ने कहा कि वार्ड नंबर 27 के समग्र विकास के लिए जनता का समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।



