22 साल की उम्र में यूपीएससी क्रैक कर बनी थीं आईपीएस
पटना । बिहार कैडर की तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी काम्या मिश्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। काम्या ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए पिछले साल अगस्त 2024 में इस्तीफा दिया था, जिसे अब राष्ट्रपति ने मंजूर कर लिया है।
ओडिशा मूल की काम्या मिश्रा ने 2019 में यूपीएससी सिविल सर्विसेज परीक्षा पास कर 172वीं रैंक हासिल की थी। महज 22 साल की उम्र में उन्होंने यह सफलता पाई। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के लेडी श्रीराम कॉलेज से पढ़ाई की। शुरुआत में हिमाचल कैडर मिला था, लेकिन बाद में बिहार कैडर में ट्रांसफर कर दिया गया। काम्या मिश्रा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं और समय-समय पर फोटो व वीडियो शेयर करती रहती हैं। काम्या मिश्रा को बिहार में कड़क पुलिसिंग के लिए जाना जाता था। उनकी गिनती ‘लेडी सिंघम’ जैसी सख्त और निडर अधिकारियों में होती थी।
पति भी हैं आईपीएस
काम्या मिश्रा के पति अवधेश सरोज भी 2022 बैच के बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। दोनों ने राजस्थान के उदयपुर में शादी की थी, जो काफी चर्चा में रही थी।
बिहार में हाल के दिनों में कई आईपीएस अधिकारियों ने इस्तीफा दिया है। इससे पहले शिवदीप लांडे ने भी अपनी सेवा से इस्तीफा दे दिया था।






