समस्तीपुर । बिहार के समस्तीपुर में पुलिस पर वारंटी के परिजनों ने हमला कर दिया। इस हमले में 3 पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार मुसरीघरारी थाना अध्यक्ष अपनी टीम के साथ हरपुर ऐलौथ के औद्योगिक क्षेत्र में अनुमंडल नायक दंडाधिकारी के आदेश पर वारंटी को जब गिरफ्तार कर वाहन में बैठाने की कोशिश कर रहे थे तो उसके बेटे, पत्नी व फैक्ट्री के कामगारों ने कांच की बोतल, ईंटों और डंडे लेकर पुलिस पर हमला कर दिया। लोगों ने वारंटी को पुलिस के कब्जे से छुड़ाने की कोशिश भी की।
झड़प में 3 पुलिसकर्मी, सरकारी वाहन का चालक और एक अधिकारी घायल हुए हैं। सभी घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। वहीं कामगारों का भी आरोप है कि पुलिस ने उन पर लाठी चलाई। इस दौरान गांव के भी कई लोग घायल हो गए। इनका भी इलाज चल रहा है। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने इस घटना को स्वीकार करते हुए कहा कि पुलिस टीम पर हमले के मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और उचित कानूनी कार्रवाई भी करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी वारंटी के घर पर उत्पाद विभाग ने छापेमारी कर शराब बरामद की थी। जिसके खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वारंटी के पुत्र ने घटना के संबंध में बयान दिया कि जब पुलिस उनके घर पर आई और उनके पिता को पकड़कर ले जाने लगी तो उन्होंने वजह पूछी। जवाब में पुलिस ने उन पर लाठी से हमला कर दिया। इस हमले में गांव के अन्य 6 लोग भी घायल हो गए हैं।


