संताल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज-शहर के बंगाली टोला स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, विशेष गहन पुनरीक्षण मतदाता सूची में किए जा रहे बदलाव तथा निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली एवं डेटा प्रबंधन को लेकर कांग्रेस जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है और इसमें किसी भी प्रकार का बदलाव पूरी पारदर्शिता एवं निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत् होना चाहिए. एसआईआर के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ने,हटाने अथवा संशोधन की प्रक्रिया सीधे नागरिकों के मताधिकार से जुड़ी हुई है.इसलिए इसमें नागरिकों को प्रभावी आपत्ति एवं सुनवाई का अवसर मिलना आवश्यक है.उन्होंने कहा कि कांग्रेस निर्वाचन आयोग की निर्णय प्रक्रिया में पारदर्शिता,संस्थागत जवाबदेही और स्वतंत्र समीक्षा की मांग करती है.निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली, डेटा प्रबंधन एवं केंद्रीकरण से संबंधित प्रक्रिया की भी स्वतंत्र जांच/ऑडिट कराए जाने की आवश्यकता है.
जिला अध्यक्ष ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के संबंध में उठाए गए आरोपों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच होनी चाहिए तथा उनके कार्यकाल में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों और मतदाता सूची में हुए बदलावों की व्यापक समीक्षा की जानी चाहिए.श्री खान ने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को किसी एक राजनीतिक दल का विषय नहीं बल्कि मतदाता के अधिकार, लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता और चुनावी प्रक्रिया में जनता के विश्वास से जुड़ा सार्वजनिक विषय मानती है.उन्होंने मिडिया को बताया कि ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार इन मांगों को लेकर आज सुबह 10 बजे जिला कांग्रेस कार्यालय साहेबगंज से समाहरणालय तक विरोध मार्च निकाला जाएगा, जिसमें पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ नेता शामिल होंगे.उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में विभिन्न मोर्चा संगठन के अध्यक्ष पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे.प्रेस कॉन्फ्रेंस के मौके पर अनुकूल चन्द्र मिश्रा,
बासुकीनाथ यादव,मोहम्मद कलीमुद्दीन,सरफराज़ आलम,अली कुरेशी,रिज़वान अंसारी,सतीश पासवान,मृतंजय यादव,राजेश कुमार सिंह,मो.मेराजुद्दीन,अरविंद कुमार यादव,मो.सईद,लोकनाथ यादव एवं अन्य कांग्रेसजन मौजूद थे.


