जामताड़ा : जामताड़ा थाना पुलिस को बाइक चोरी की घटना पर अंकुश लगाने के मामले में एक बड़ी उपलब्धि हाथ लगी है। पुलिस कार्रवाई में जहां शातिर बाइक चोर पकड़ा गया, वहीं उसकी निशानदेही पर सात बाइक बरामद किए गए। गुरुवार को सदर थाना परिसर में प्रेस वार्ता का आयोजन कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागोरी ने इस मामले का खुलासा किया। बताया कि थाना क्षेत्र में मोटरसाईकिल चोरी कि घटना पर अंकुश लगाने हेतु पुलिस अधीक्षक, जामताड़ा द्वारा एक विशेष टीम गठित किया गया था, जिसमें पुलिस अधीक्षक को मिली सुचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जामताड़ा, थाना प्रभारी जामताड़ा इंस्पेक्टर राजेश कुमार मंडल एवं पु०अ०नि० सुनिल कुमार सिंह, अलखनाथ चौबे, पंकज कुमार, स०अ०नि० धन्नजय कु० सिंह एवं सशस्त्र बल के साथ बुधवार को जामताड़ा धनबाद हाईवे रोड़ पोसोई मोड़ के पास एक मोटरसाईकिल पर सवार तीन व्यकितयों को जामताड़ा की ओर आते देखा गया, जिसमें से दो व्यक्ति पुलिसबल को देखकर गाड़ी धीमा करते ही कुद कर भागने लगा तथा एक व्यक्ति, जो मोटरसाईकिल चला रहा था, को पकड़ लिया गया। जॉच के दौरान विदित हुआ कि वह व्यक्ति शातिर अभ्यस्त अपराधकर्मी सहवान अंसारी बन्दरचुआं, थाना-नारायणपुर जिला जामताड़ा का रहने वाला है। उसके पास से जप्त मोटरसाईकिल चोरी का पाया गया एवं उसके स्वीकारोक्ति के आधार पर छः अन्य मोटरसाईकिल ग्रा०-बन्दरचुओं, शहरपुर, एवं हरनाडंगाल से कुल सात मोटरसाईकिल बरामद किया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि बरामद किए गए बाइक में एक हिरो सुपर स्पेलण्डर (काला रंग), और छ: काला रंग का ही हिरो रमेलण्डर शामिल है। बताया कि बरामद किए गए तीन बाइक पर नंबर प्लेट लगे हुए हैं जो फर्जी हो सकता है, जबकि चार अन्य बाइकों पर नंबर नहीं लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बाइक चोरी की घटना पर अंकुश लगाने के लिए छापेमारी का कार्यक्रम लगातार जारी रहेगा। इस मामले के लिए पुलिस के जासूसों को भी अलर्ट किया गया है, ताकि समय पर इस संबंध में सूचना प्राप्त हो सके और कार्रवाई की जा सके।



