लखनऊ । प्रयागराज के बाहुबली अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ उसके भाई की हत्या को तीन साल हो गए, लेकिन आज भी उसके अवैध साम्राज्य से अर्जित संपत्तियों के खुलासे हो रहे हैं। अतीक अहमद की अब तक 11684 करोड़ से ज्यादा की संपत्तियों को जब्त किया जा चुका है। पिछले तीन सालों में उसके कई अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया गया है। प्रयागराज में तो उसके कब्जे की जमीन पर योगी सरकार ने गरीबों का आशियाना भी बनाया है, लेकिन आज भी उसकी अवैध संपत्तियों के खुलासे हो रहे हैं। शुक्रवार को बिजनौर में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 168.13 करोड़ की संपत्ति जब्त की है। इसमें धामपुर स्थित उमर इंटरनेशनल स्लॉटर हाउस और कृषि भूमि शामिल है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अतीक अहमद के अवैध साम्राज्य कितना बड़ा था इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सिर्फ प्रयागराज ही नहीं यूपी के कई जिलों में उसकी आज भी बेनामी संपत्तियां हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। इतना ही नहीं दिल्ली और मुंबई में भी उसकी करोड़ों की प्रॉपर्टी बताई जा रही है। उसकी मौत के बाद भी पुलिस उसकी अवैध और बेनामी संपत्तियों का पता लगाने में जुटी है। जुलाई 2024 में प्रयागराज में अतीक अहमद की 50 करोड़ की बेनामी संपत्ति को प्रशासन ने अपने कब्जे में लेकर सरकारी विभाग को स्थानांतरित किया था।
सितंबर 2024 में प्रयागराज के नैनी इलाके में 6 करोड़ की जमीन कुर्क की और दो भूखंडों को जब्त किया। अतीक अहमद ने इन भूखंडों को अपने करीबी श्याम जी सरोज के नाम से खरीदी थी। अप्रैल 2023 में ईडी ने 100 करोड़ रुपए से अधिक की बेनामी संपत्तियों के दस्तावेज, 85 लाख रुपए नकद, और करीब 3 करोड़ के सोने-हीरे के जेवरात जब्त किए थे। यह संपत्तियां अतीक की पत्नी और सहयोगियों के पास से जब्त की थी। 2017-2023 के बीच माफिया के खिलाफ एक्शन के दौरान 417 करोड़ रुपए की संपत्ति को विधिवत रूप से जब्त और कुर्क किया गया। साथ ही करीब 752 करोड़ की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें जमींदोज़ कर दिया।


