मधुपुर:- उत्क्रमित मध्य विद्यालय केसरगढ़ा में गुरुवार को प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के निर्देशानुसार विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के गठन के लिए आमसभा आयोजित की गई। पर्यवेक्षक आलमगीर अंसारी और रंजना कुमारी की देखरेख में यह प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन पूर्व अध्यक्ष अमीन अंसारी के कथित दबाव और अनुचित हस्तक्षेप के कारण प्रक्रिया में हंगामा हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि अमीन अंसारी ने पिछली बार गठित प्रबंधन समिति को ही पुनः बहाल करने का प्रयास किया। इस पर ग्रामीणों ने कड़ी आपत्ति जताई और पारदर्शिता की मांग करते हुए प्रक्रिया को रोकने की मांग की। सभा में शरीफ मियां, आलम अंसारी, सिद्दीक अंसारी, सिकंदर अंसारी, शाहिद अंसारी, सद्दाम अंसारी, रिजवान अंसारी, इरफान अंसारी, और आशिक अंसारी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। उन्होंने स्पष्ट रूप से पिछली समिति को नकारते हुए निष्पक्ष चुनाव की मांग की। विवाद बढ़ता देख मौके पर मधुपुर थाना के सब-इंस्पेक्टर औरंगज़ेब और मुखिया प्रतिनिधि कलाम अंसारी ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने सभी पक्षों को शांत करते हुए जोर देकर कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन निष्पक्ष और सभी क्षेत्रीय पंचायतों की भागीदारी के साथ होना चाहिए। ग्रामीणों ने समिति गठन में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग को लेकर प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी दबाव या पक्षपात के आधार पर बनाई गई समिति को स्वीकार नहीं किया जाएगा।




