“बंगाल मेरे विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा है, कांग्रेस की मजबूती के लिए हर मोर्चे पर तैयार हूं”
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सह बंगाल प्रभारी गुलाम अहमद मीर से डॉ. इरफान अंसारी की भेंट, बंगाल में कांग्रेस को सशक्त करने की चर्चा
रांची । झारखंड सरकार के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आज कोलकाता में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता एवं झारखंड कांग्रेस के पूर्व प्रभारी गुलाम अहमद मीर से सौजन्य मुलाकात की। इस भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच झारखंड और पश्चिम बंगाल की राजनीतिक स्थिति, कांग्रेस संगठन की मजबूती एवं भविष्य की रणनीतियों पर सार्थक चर्चा हुई। ज्ञात हो कि गुलाम अहमद मीर के नेतृत्व में झारखंड में कांग्रेस को उल्लेखनीय सफलता मिली थी, जिसके परिणामस्वरूप राज्य में महागठबंधन की सरकार का गठन हुआ।

डॉ. अंसारी ने मीर साहब के योगदान को झारखंड कांग्रेस के लिए मील का पत्थर बताया और विश्वास जताया कि अब जब मीर साहब ने बंगाल में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू की है, तो पश्चिम बंगाल में भी कांग्रेस को निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी। डॉ. अंसारी ने यह भी कहा कि उनका विधानसभा क्षेत्र बंगाल की सीमा से सटा हुआ है, और वह लगातार बंगाल के कार्यकर्ताओं व जनता से संपर्क में रहते हैं। संगठन की ओर से यदि कोई दायित्व दिया जाता है, तो उसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे।
इस अवसर पर पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री शुभांकर सरकार और कांग्रेस नेत्री एवं पूर्व विधायक सुश्री अंबा प्रसाद द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत के लिए भी डॉ. अंसारी ने आभार प्रकट किया। यह भेंट कांग्रेस के दोनों राज्यों में संगठनात्मक तालमेल और समन्वय की दिशा में एक सकारात्मक कदम के रूप में देखी जा रही है।



