सिदो-कान्हू स्टेडियम में हुई सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा
साक्षरता चौक व चिल्ड्रेन्स पार्क में दिशाेम गुरू शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का हुआ अनावरण
मंत्री दीपक बिरुआ, केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा, विधायक मो ताजुद्दीन राजा व पूर्व पाकुड़ विधायक आलमगीर आलम समेत कई दिग्गज हुए शामिल
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज- झारखंड आंदोलन के प्रणेता, झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक व पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरू वीर शिबू सोरेन की साहिबगंज में प्रथम पुण्यतिथि मंगलवार को मनाई गई. झामुमो के केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा व दिशोम गुरू शिबू सोरेन की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में लगभग 15 हजार से अधिक लोग शामिल हुए. मुख्य अतिथि प्रदेश के राजस्व एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ, राजमहल विधायक एमटी राजा, पूर्व मंत्री आलमगीर आलम व अन्य ने साक्षरता चौक पर सर्वप्रथम लगभग 12:32 बजे साक्षरता चौक एवं इसके उपरांत समाहरणालय समीप चिल्ड्रेन्स पार्क में दिशाेम गुरू शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया. इसके उपरांत सिदो-कान्हू स्टेडियम में सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा हुई.
जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अरुण सिंह ने की. सभा में पहुंचने के पूर्व राजस्व एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ,झामुमो के केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा, राजमहल विधायक एमटी राजा, पूर्व मंत्री आलमगीर आलम सहित अन्य नेताओं ने सिदो-कान्हू स्टेडियम में अवस्थित सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया.मौके पर नेताओं व लगभग 15 हजार लोगो ने दिशोम गुरू शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी.मौके पर झामुमो, कांग्रेस, भाजपा, आजसू, जदयू सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता व कार्यकर्ता सहित हजारों की संख्या में आम जन मौजूद थे.


