वाशिंगटन । अमेरिकी राष्ट्रपति के औपचारिक कार्यक्रम को लेकर कार्यकारी कार्यालय के लिए अधिकृत ओवल ऑफिस में पहली बार ऊंची आवाज सुनी गई। व्हाइट हाउस के पश्चिमी विंग में स्थित ओवल ऑफिस में शुक्रवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की के साथ हुई मुलाकात कड़वे अनुभव के साथ खत्म हो गई। यूक्रेन के साथ प्रमुख खनिज समझौते पर हस्ताक्षर भी नहीं हो सके। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जेलेंस्की के पूर्व निर्धारित संवाददाता सम्मेलन को भी अचानक रद्द कर दिया गया। ओवल कार्यालय में हुई जुबानी जंग के बाद जेलेंस्की दूसरे कमरे में चले गए। इस बैठक में उप राष्ट्रपति जेडी वेंस भी मौजूद रहे।
अमेरिका के ‘सीबीएस न्यूज’ चैनल के अनुसार, ओवल ऑफिस में तीनों के बीच हुई गरमा-गरमी के बाद जेलेंस्की अलग कमरे में चले गए। ट्रंप, वेंस व अधिकारी ओवल ऑफिस में रुके रहे। इस दौरान जेलेंस्की के कमरे में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक वाल्ट्ज और राज्य सचिव मार्को रुबियो पहुंचे। दोनों ने उन्हें ट्रंप की नाराजगी से अवगत कराते हुए व्हाइट हाउस से चले जाने को कहा। ओवल ऑफिस की इस बैठक ने अमेरिका और यूक्रेन के बीच गंभीर मतभेदों को उजागर किया। इस वजह से यूक्रेन और अमेरिका के बीच दुर्लभ खनिज समझौते पर हस्ताक्षर नहीं हो सके। न ही ट्रंप ने यूक्रेन पर रूस के साथ युद्ध को समाप्त करने के लिए सहमत होने का दबाव डाला। ट्रंप ने जेलेंस्की को धमकी दी कि वह युद्ध समाप्त करने की कोशिश से बाहर हो रहे हैं। वेंस ने जेलेंस्की पर अपमान करने का आरोप लगाया।
इस बैठक में जेलेंस्की और वेंस के बीच जमकर तकरार हुई। जेलेंस्की ने कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन युद्धविराम समझौते के उल्लंघन के लिए जाने जाते हैं। वह ओबामा प्रशासन के दौरान भी ऐसा कर चुके हैं। यहां तक कि ट्रंप प्रशासन के दौरान भी पुतिन मिन्स्क युद्धविराम समझौते का उल्लंघन कर चुके हैं। कैदियों की अदला-बदली के समझौते पर भी पुतिन पीछे हट चुके हैं। इस पर वेंस ने जेलेंस्की से कहा कि यूक्रेन को इस संघर्ष को समाप्त करने की कोशिश करने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद करना चाहिए। यह तकरार इतनी बढ़ गई कि ट्रंप को दखल देना पड़ा। उन्होंने जेलेंस्की से यहां तक कहा कि वह यूक्रेन के लाखों लोगों के जीवन के साथ जुआ खेल रहे हैं। दुनिया को तीसरे विश्वयुद्ध के लिए तैयार कर रहे हैं।
जेंस ने बढ़ते तनाव के बीच जेलेंस्की से कहा कि उन्होंने इस पूरी बैठक में एक बार भी ट्रंप के लिए धन्यवाद नहीं कहा। इस पर जेलेंस्की ने धीमे स्वर में कुछ कहना चाहा तो ट्रंप और वेंस ने आंख तरेरते हुए चुप रहने को कहा। अपमान के घूंट पीने के बीच जेलेंस्की ने कहा कि युद्ध के बारे में बहुत जोर से बोलने की जरूरत नहीं। ट्रंप ने उनकी बात काटते हुए कहा कि यूक्रेन बड़ी मुसीबत में फंसा हुआ है। सिर्फ अमेरिका उसे इससे उबार सकता है। इस पर जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेनवासी इसके लिए आभारी हैं। इस बार ट्रंप ने जेलेंस्की को धन्यवाद कहने के लिए जोर से डांटा।


