◆अब फिर टकराव और हिंसक झड़प से बढ़ी कोल ब्लॉक परियोजना की मुश्किलें
●बादलपाड़ा-कल्याणपुर कोल परियोजना से प्रभावित होंगे 13 गांवों के रैयत
डॉ. सुमन सिंह
दुमका। शिकारीपाड़ा के बादलपाड़ा -कल्याणपुर क्षेत्र में प्रस्तावित कोयला खनन परियोजना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों के साथ विवाद लंबे समय से जारी है। स्थानीय ग्रामीण शुरू से ही इस परियोजना का विरोध करते रहे हैं। हरियाणा पावर जनरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPGCL) को आवंटित इस कोल ब्लॉक से 13 गांवों के रैयत प्रभावित होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि कोल ब्लॉक के सर्वेक्षण और खनन से उनकी जमीन, जंगल, कृषि तथा पारंपरिक जीवन-व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
करीब छह वर्ष पूर्व कोयले की टेस्टिंग और ड्रिलिंग के प्रयासों के दौरान ग्रामीणों के विरोध के कारण स्थिति इतनी बिगड़ गई थी कि कंपनी ने वर्ष 2020-21 में कोल ब्लॉक विकास समझौता समाप्त करने और बैंक गारंटी वापस करने का अनुरोध कोयला मंत्रालय से किया था। कंपनी ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए दुमका जिला प्रशासन को भी सूचित किया था कि मौजूदा परिस्थितियों में वह यहां कोयला खनन परियोजना का काम आगे नहीं बढ़ा सकेगी।
वर्ष 2022 में कंपनी ने कोल ब्लॉक सरेंडर करने की भी कोशिश की, लेकिन समय-सीमा से जुड़ी कुछ तकनीकी अड़चनों के कारण ऐसा नहीं हो सका। इसके बाद जुलाई 2023 में कंपनी ने कोल ब्लॉक सरेंडर करने का प्रस्ताव वापस ले लिया और परियोजना को विकसित करने की दिशा में फिर से पहल शुरू की।
कोल ब्लॉक के विकास, विस्तृत अन्वेषण और संचालन के लिए HPGCL ने 5 जून 2024 को माइन डेवलपर एंड ऑपरेटर (MDO) के चयन के लिए टेंडर जारी किया था। इसमें हैदराबाद की एक कंपनी का चयन किया गया।
इस बीच केंद्रीय खनन योजना एवं डिजाइन संस्थान (CMPDI) ने 3 सितंबर 2025 को कोल ब्लॉक की सीमा का DGPS सर्वेक्षण प्रमाणित किया। इसके बाद केंद्र सरकार ने 5 दिसंबर 2025 को कोल बेयरिंग एरियाज (एक्विजिशन एंड डेवलपमेंट) एक्ट, 1957 के तहत अधिसूचना जारी की। इसके दायरे में 635.60 हेक्टेयर क्षेत्र के 13 गांव शामिल किए गए हैं।
कोयले की टेस्टिंग और बोरिंग के लिए ग्रामीणों की सहमति बनाने के उद्देश्य से आयोजित ग्रामसभा के दौरान हुए विरोध और पुलिस तथा कंपनी के अधिकारियों के साथ ताजा हिंसक झड़प ने परियोजना के सामने एक बार फिर गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है। घटनाक्रम से स्पष्ट है कि स्थानीय ग्रामीणों का विश्वास हासिल किए बिना परियोजना को आगे बढ़ाना कंपनी और प्रशासन के लिए आसान नहीं होगा।
—

हरियाणा के दीनबंधु छोटूराम थर्मल पावर प्लांट के लिए आवंटित है कोल ब्लॉक
दुमका। हरियाणा पावर जनरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPGCL) हरियाणा सरकार की बिजली उत्पादन कंपनी है। बादलपाड़ा-कल्याणपुर कोल ब्लॉक में लगभग 102 मिलियन टन यानी 10.2 करोड़ टन कोयले का अनुमानित भूगर्भीय भंडार है। इसका क्षेत्रफल करीब 6.12 वर्ग किलोमीटर है। कोयले का भंडार लगभग 300 मीटर की गहराई तक होने का उल्लेख है।
इस कोल ब्लॉक का आवंटन हरियाणा के यमुनानगर स्थित दीनबंधु छोटूराम ताप विद्युत संयंत्र की प्रस्तावित विस्तार परियोजना के लिए कोयले की आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया था। वर्ष 2016 में HPGCL को आवंटन पत्र जारी किया गया था। इसके बाद 30 मार्च 2016 को कोयला मंत्रालय और कंपनी के बीच कोल ब्लॉक विकास एवं उत्पादन समझौता हुआ था।





