ब्यूरो दुमका

दुमका/ रानीश्वर : मासनजोर थाना क्षेत्र में बड़ा हादसा बुधवार को हुआ। मकई से लदा एक ट्रक मसानजोर रोड के ढलान में पलट गया। यह घटना मसानजोर डैम के पास हुई, जब डैम के किनारे फुटपाथ पर पर्यटक घूम रहे थे। अचानक ट्रक के पलटने से मकई के बोरे पर्यटकों पर गिर गए, जिससे 9 पर्यटक घायल हो गए और एक वृद्ध महिला पर्यटक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल पर पुलिस पहुंचते ही राहत – बचाव कार्य में जुट गई है। स्थानीय लोगों की मदद से बोरी के नीचे दबे कई पर्यटकों को सकुशल निकाला गया है।
मृतक महिला के शव को दुर्घटनास्थल से सीधे बंगाल भेज दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक मृतका की पहचान नहीं हो पायी थी।
——————————–
मसानजोर घूमने कहां से आए थे पर्यटक
जानकारी के अनुसार मृतक के साथ सभी घायल पर्यटक पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिला के बोलपुर और किरना हार इलाके के रहने वाले बताया जा रहा है ।जानकारी का अनुसार यह सारे पर्यटक सभी अनुकूल ठाकुर के अनुयाई हैं। सभी लोग देवघर जिले स्थित अनुकूल ठाकुर के आश्रम से वापस लौट रहे थे। रास्ते में मसानजोर डैम देखने के लिए सभी रुक गए ।बताया जा रहा है कि सभी लोग सड़क किनारे बैठे थे। इसी बीच उसे जगह पर मकई लदा ट्रक असंतुलित होकर पलट गया और यह बड़ी और दर्दनाक घटना हो गई।
——————————
क्या है मामला
पर्यटक मसानजोर डैम के सड़क के किनारे पैदल पथ के किनारे बैठा हुआ था। अपने अन्य सहयोगी पर्यटक मित्रों का इंतजार कर रहा था ।बिहार से कोलकाता की ओर जा रहे मक्का लदा ट्रक मसानजोर के ढलान में अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक चालक शराब के नशे में धूत होने की बात सामने आ रही है। जिससे यह हादसा हो गया। जिसमें एक वृद्ध महिला की मौत मौके पर ही हो गई और 9 पर्यटक गंभीर रूप से घायल हैं। ट्रक चालक अजय भारती, उम्र 24 वर्ष, आंशिक रूप से चोट लगी है। जिसका इलाज चल रहा है।
बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के सिउडी रेफर
रानीश्वर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ नदिया नंद मंडल और डॉक्टर आजाद शेखर पंडित ने घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पर्यटक को झारखंड से सटे राज्य पश्चिम बंगाल के सिउडी रेफर कर दिया है।
———————————–
घायलों की सूची
घायलों को तुरंत रानीश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घायलों में दिव्येंदु बागती (5 वर्ष), पूर्णिमा बागती (26 वर्ष), चायना बागती (45 वर्ष), मणिका (29 वर्ष), किसुन कर्मकार (60 वर्ष), नमिता कर्मकार (35 वर्ष), उन्नति बागती (60 वर्ष), आल्पना बागती (45 वर्ष), अनिमा बागती (50 वर्ष) शामिल हैं।
——————————-
थाना प्रभारी ने क्या कहा
मसानजोर के थाना प्रभारी राजेश रंजन ने कहा कि मकई लदा ट्रक पलट गया। जिसकी चपेट में कई पर्यटक आ गए। घटना में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए हैं। घायलों को पहले नजदीक के रानीश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भेजा गया था। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें पश्चिम बंगाल के सिउड़ी रेफर किया गया है। ट्रक चालक भी घायल हैं उसका भी इलाज चल रहा है।





