●मछली पकड़ने के उपयोग में आने वाले ‘टोरो डाड़’ से लेकर चिड़िया पकड़ने वाली ‘चेडे लाठा’ तक में दिलचस्पी ले रहे लोग
●ट्राइबल म्यूजियम में देखें-नाहेल-आरांड़ ,झाबा, ढिंकी और आता अहोच
सुमन सिंह
दुमका । जनजातीय हिजला मेला में ट्राइबल म्यूजियम लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है।मेला देखने आ रहे सभी तबका के लोग इस ट्राइबल म्यूजियम का मुआयना जरूर कर रहे हैं।जनजातीय समाज के गांव-घरों में उपयोग में आने वाले रोजमर्रे के सामानों के साथ ही परम्परागत खेती-किसानी में इस्तेमाल में आने वाले उपकरण,कला-संस्कृति से सम्बंधित वाद्य यंत्र ट्राइबल म्यूजियम में प्रदर्शित किए गए हैं।आधुनिक युग में लोग खेतों की जुताई के लिए ट्रैक्टर का इस्तेमाल करते हैं।लेकिन सुदूर ग्रामीण इलाके में आज भी मझोले एवं छोटे किसान हल-बैल के सहारे खेत जोतते हैं।हिजला मेला में बनाए गए ट्राइबल म्यूजियम में नाहेल(हल) और आरांड़ प्रदर्शित किया गया है।खेतों से मिट्टी उठाने के काम आने वाला ‘झाबा’ और मछली पकड़ने के लिए उपयोग में आने वाला जाल ‘टोरो दाड़’ आपको इस ट्राइबल म्यूजियम में देखने को मिल जाएगा।इस ट्राइबल म्यूजियम में प्रदर्शित सामानों को क्रमवार सजा कर रखा गया है।खेती के बाद अनाज को स्टॉक करने के लिए संताल जनजातीय समाज के लोग ‘बोड़’ का इस्तेमाल करते हैं।जबकि चावल तैयार करने लिए धान को लकड़ी से बने ‘ढिंकी’ का उपयोग करते हैं।जनजातीय हिजला मेला के इस ट्राइबल म्यूजियम में आपको ‘ढिंकी’ देखने को मिलेगा।घरेलू रोजमर्रे के उपयोग के सामानों को सजा कर रखा गया।मकई का भूंजा भुजने के लिए एक विशेष प्रकार के घड़े का उपयोग जनजातीय समाज के लोग करते हैं।इसे ‘आता अहोच’ कहते हैं।ट्राइबल म्यूजियम में एसपी कॉलेज के दो छात्र सीतेश मरांडी और कृष्णा हांसदा मिले जो एक मंजे हुए गाइड की तरह लोगों को म्यूजियम में रखे सामानों के बारे में बता रहे हैं।ट्राइबल म्यूजियम में मछली पकड़ने के काम आने वाली ‘टोरो डाड़’ से लेकर संताल समाज में चिड़िया पकड़ने में इस्तेमाल की जाने वाली ‘चेडे लाठा’ तक को देखने-समझने में लोग दिलचस्पी ले रहे हैं।
——————-

मोर पंख लग ‘राहाड़’ के साथ ‘मंदार भेड़’, ‘रामसिंघा’ और कई वाद्य यंत्र
दुमका।जनजातीय हिजला मेला में लगाए गए ट्राइबल म्यूजियम में संताल समाज के उपयोग में आने वाले परम्परागत वाद्य यंत्रों की भी प्रदर्शनी की गई है।इन वाद्ययंत्रों में गाबगुबी, टामाक और तुमदाक तो है ही,मंदार भेड़ और रामसिंघा भी देखने को मिल रहा है।बता दें कि संताल जनजातीय समाज में लोक गीत और लोक नृत्य का विशेष महत्व है।ट्राइबल म्यूजियम में लीपुर,फिरी और मोर पंख से सजे वाद्य यंत्र ‘राहाड़’ भी लोगों को आकर्षित कर रहा है।
——————-
दुल्हन को ‘दावड़ा’ में बैठा कर होती है शादी रस्म
दुमका।जनजातीय हिजला मेला के ट्राइबल म्यूजियम में बांस के बने जिन सामानों को प्रदर्शित किया गया है उनमें ‘दावड़ा’ भी है।ट्राइबल म्यूजियम में गाइड की भूमिका में मिले एसपी कॉलेज दुमका के छात्र कृष्णा हांसदा ने बताया कि हमारे संताल समाज के शादी-व्याह में इसी ‘दावड़ा’ में दुल्हन को बैठा कर सिंदूर की रस्म पूरी की जाती है।जनजातीय समाज के उपयोग में आने वाले कई तरह की दउरा को ट्राइबल म्यूजियम में प्रदर्शित किया गया है,जिसमें शादी-व्याह में होने वाले भोज के लिए बनाए गए चावल को छानने के उपयोग में आने वाला बांस का दउडा भी शामिल है।





