●हेमलाल और लुईस के बाद अब ताला के पाला बदलने से भाजपा को झटका
●संताल परगना के आदिवासी नेताओं को भाजपा में नहीं मिलती है तरजीह
सुमन सिंह
दुमका । हेमलाल मुर्मू और डॉ.लुईस मरांडी के बाद अब ताला मरांडी का भाजपा छोड़ कर झामुमो में शामिल हो जाना भाजपा के लिए झटका है। ताला मरांडी न सिर्फ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके थे बल्कि बोरियो से दो टर्म विधायक भी रहे थे।2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने ताला मरांडी को राजमहल से चुनाव भी लड़ाया था।इसके बावजूद ताला मरांडी ने झामुमो का दामन थाम लिया।शुरुआती दौर में ताला मरांडी झामुमो के ही कार्यकर्ता थे,इसलिए भाजपा से झामुमो में आना,एक तरह से उनकी घरवापसी मानी जा रही है।संताल परगना में भाजपा के पास पहले से ही कद्दावर आदिवासी नेताओं की कमी है।जो आदिवासी नेता हैं भी, उन्हें पार्टी में वह तरजीह नहीं मिलती,जो मिलनी चाहिए।अक्सर संताल परगना के आदिवासी नेताओं को उभरने से पहले ही पर काट दिया जाता है।इसके कई उदाहरण हैं।एक समय था जब झामुमो के दो कद्दावर नेता साइमन मरांडी और हेमलाल मुर्मू परिस्थिति वश भाजपा में चले गए थे।दोनों नेताओं का जितना सम्मान झामुमो में मिलता था,वह सम्मान भाजपा में नहीं मिला।साइमन मरांडी को तो उनके क्षेत्र में ही एक सार्वजनिक कार्यक्रम में अपमानित होना पड़ा था।साइमन मरांडी अधिक दिनों तक भाजपा में नहीं रह सके और अपने पुराने घर झामुमो में वापस हो गए थे।साइमन मरांडी अब इस दुनिया में नहीं हैं,पर अपने अंतिम दिनों तक भाजपा में जाने के अपने फैसले को अपने राजनीतिक जीवन की बड़ी भूल मानते रहे।झामुमो के एक और कद्दावर नेता रहे हेमलाल मुर्मू भी भाजपा में अधिक दिनों तक नहीं टिक सके।भाजपा ने उन्हें लोकसभा और विधानसभा का टिकट दिया तो जनता ने नकार दिया।चुनाव हारने के बाद भी पार्टी में हेमलाल मुर्मू जैसे जमीनी नेताओं का उपयोग भाजपा नहीं कर सकी।उन्हें उपेक्षित छोड़ दिया गया।जब हेमलाल मुर्मू भाजपा छोड़ने वाले थे तो पार्टी के किसी बड़े नेता ने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की।हेमलाल मुर्मू पूर्व में झामुमो नेता के रूप में बरहेट से विधायक और राजमहल से सांसद रह चुके हैं।हेमलाल जी भाजपा छोड़ कर झामुमो में घरवापसी कर गए तो आज लिट्टीपाड़ा सुरक्षित सीट से विधायक हैं।
———————-

सिटिंग एमपी रहते सुनील सोरेन से वापस ले लिया था टिकट, लुईस मरांडी को नहीं मिला टिकट
दुमका।संताल परगना में भाजपा के कमजोर होने के कई कारणों में एक महत्वपूर्ण कारण भाजपा में आदिवासी नेताओं की उपेक्षा है।आदिवासी नेताओं का कद बढ़ने नहीं दिया जाता जिससे वे आदिवासी जनता के बीच निष्प्रभावी हो जाते हैं।संताल परगना में आदिवासी नेताओं के बीच आपसी गुटबाजी भी कम नहीं है।इसका भाजपा को नुकसान होते रहा है।प्रदेश नेतृत्व संताल परगना में आदिवासी नेताओं के बीच गुटबाजी को रोकने में विफल रहा जिसका खामियाजा पार्टी को भुगतना पड़ा।लोकसभा में भाजपा के सिटिंग एमपी सुनील सोरेन को टिकट देकर वापस ले लिया गया और डॉ. लुईस मरांडी को विधान सभा में भाजपा ने टिकट नहीं दिया।परिणाम सामने है।जीती हुई लोकसभा सीट भाजपा गवां बैठी और डॉ.लुईस मरांडी ने भाजपा छोड़ कर झामुमो का दामन थाम लिया।आज वे जामा से झामुमो की विधायक हैं। सुनील सोरेन अभी भाजपा में टिके हुए हैं। भाजपा से एक टर्म विधायक और एक टर्म सांसद रहे सुनील सोरेन की राजनीतिक सफर की शुरुआत झामुमो से हुई थी।भाजपा सुनील सोरेन का भी बेहतर उपयोग नहीं कर पा रही है।
———————-
अब सीता सोरेन और लोबिन हेम्ब्रम पर टिकी निगाहें
दुमका।हेमलाल मुर्मू और ताला मरांडी की झामुमो में घरवापसी के बाद अब लोगों की नजरें सीता सोरेन और लोबिन हेम्ब्रम पर टिकी है।सीता सोरेन शिबू सोरेन की बड़ी बहू हैं।लोकसभा चुनाव से ठीक पहले जेएमएम से भाजपा में आईं।दुमका लोकसभा सीट हारने के बाद जामताड़ा विधानसभा सीट भी भाजपा के टिकट पर हार चुकी हैं।
भाजपा नेताओं पर हार का ठीकरा फोड़ चुकी हैं।अक्सर उनकी झामुमो में घर वापसी के कयास लगते रहे हैं।वहीं बोरियो के पूर्व झामुमो विधायक लोबिन हेम्ब्रम भी अभी भाजपा में हैं।उनकी घर वापसी की कोई खास चर्चा तो नहीं है पर जिस तरह से एक के बाद एक संताल परगना के ट्राइबल नेताओं का भाजपा से मोहभंग हो रहा है,लोबिन हेम्ब्रम भाजपा में कितने दिनों तक टिकेंगे,यह वक्त बताएगा।
———————-
ताला मरांडी चार पार्टी में रहे,पांच बार दल बदले
दुमका । 35 साल पहले झामुमो से राजनीतिक सफर शुरू करने वाले ताला मरांडी चार अलग अलग दलों झामुमो, कांग्रेस,भाजपा और आजसू में रहे और पांच बार दल बदले।पांचवी बार दल बदल कर ताला मरांडी झामुमो में घरवापसी किए हैं। अलग-अलग दलों से 7 चुनाव लड़े पर बोरियो से दो टर्म विधायक भाजपा के टिकट पर ही बने।
कब किस दल में रहे
●ताला मरांडी ने 1990 में झामुमो कार्यकर्ता के रूप में राजनीति में कदम रखा।1995 का विधान सभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़े।यह उनका पहला दल बदल था।चुनाव हार गए। 2000 में दोबारा कांग्रेस के टिकट से चुनाव हारे।
●दूसरी बार दल बदल कर भाजपा में शामिल हो गए और भाजपा के टिकट पर 2005,2009 और 2014 का विधान सभा चुनाव लड़े।इनमें 2005 और 2014 का चुनाव जीते।
●तीसरी बार दल बदल कर भाजपा से आजसू में शामिल जो गए और 2019 का चुनाव आजसू के टिकट पर लड़े।चुनाव हार गए।
●2024 के चुनाव से पहले चौथी बार दल बदल कर ताला मरांडी आजसू छोड़ पुनः भाजपा में शामिल हो गए।राजमहल से 2024 का लोकसभा चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़े पर झामुमो के विजय हांसदा से हार गए।
●पांचवी बार दल बदल कर ताला मरांडी 11 अप्रैल 2025 को एक बार फिर भाजपा छोड़ कर झामुमो में शामिल हो गए।35 साल बाद उनकी झामुमो में वापसी हुई है।





