यह दुर्भाग्यपूर्ण, आरोपियों को दिलवाएंगे फांसी की सजा : ममता बनर्जी
कोलकाता । कोलकाता में एक मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में पश्चिम बंगाल सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण और घृणित है। उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति जैसी है। डॉक्टरों का गुस्सा और मांग जायज है। मैं उनका समर्थन करती हूं। उन्होंने कहा कि वह कल झारग्राम में थी, लेकिन सभी घटनाक्रमों पर उनकी नजर थी। उन्होंने पीड़ित परिवार से बात की है और उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सीएम ममता ने इस मामले को फास्ट-ट्रैक कोर्ट में ले जाने का निर्देश दिए हैं। अगर जरूरत पड़ी तो आरोपियों को फांसी दी जाएगी। हालांकि मैं फांसी की सजा की समर्थक नहीं हूं लेकिन उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे एक भी डॉक्टर को किसी भी तरह की समस्या न हो जो लोग विरोध कर रहे हैं, यदि उन्हें लगता है कि उन्हें राज्य प्रशासन पर भरोसा नहीं है, तो वे किसी अन्य जांच एजेंसी से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम भी उचित और गहन जांच और दोषियों के लिए कड़ी सजा चाहते हैं।
ममता ने कहा कि जैसे कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है, वैसे ही हॉस्पिटल सुपरिटेंडेंट की भी जिम्मेदारी है कि वह भी जांच कराएं कि क्या उनकी तरफ से लापरवाही हुई है। डॉक्टर अपना विरोध करे लेकिन साथ ही मरीजों का इलाज भी करें। उन्होंने कहा कि जो आरोपी पकड़ा गया है, वह मेडिकल कॉलेज में ही काम करता था। वहीं कोलकाता के पुलिस आयुक्त विनीत गोयल ने कहा कि हमने सात सदस्यीय एसआईटी टीम गठित की है। अगर परिवार या रेजिडेंट डॉक्टरों की ओर से कोई मांग है और वे किसी अन्य एजेंसी से मामले की जांच कराना चाहते हैं तो उनका स्वागत है। हम तय करेंगे कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
सिराज/ईएमएस 10अगस्त24


