सरैयाहाट। नए साल को लेकर ग्रामीण क्षेत्र के धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों पर भी पूरे जनवरी माह लोगों की भीड़ लगी रहती है। सरैयाहाट प्रखंड के धौनी गांव स्थित अति प्राचीन शुंभेश्वर नाथ मंदिर, हंसडीहा के जलवे पहाड़ और प्रखंड के सबसे बड़े जलाशय जोंकी बांध में पहली जनवरी को हजारों की संख्या लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। धौनी गांव में घने जंगलों के बीच त्रेतायुग युग में स्थापित शुंभेश्वर नाथ मंदिर धार्मिक के साथ एक पर्यटन स्थल भी है। यहां की मनोरम दृश्य शैलानियों को यहां रुकने पर विवश कर देती हैं। वहीं प्राकृतिक सुंदरता बिखेरता हंसडीहा का जलवे पहाड़ प्रखंड के सबसे बड़े पिकनिक स्पॉट के रूप में प्रसिद्ध हैं। यहां नए साल के जश्न मनाने वालों का तांता लगा रहता हैं। एक जनवरी को तो यहां बिहार के शैलानी भी पहुंचते हैं। वहीं प्रखंड के सबसे बड़े जलाशय जोंकी बांध में भी लोग बड़ी संख्या में पिकनिक मनाने पहुंचते हैं। यहां की मनोरम घटा स्वतः लोगों को आकर्षित करती हैं।




