जामताड़ा : भारतीय जनता पार्टी के द्वारा अभी तक विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी के नामों की घोषणा नहीं की गई है। अटकलों का बाजार इस कदर गर्म है कि हर घंटे एक नए नाम की चर्चा जोर-शोर से हो रही है। जामताड़ा विधानसभा की देखें तो यहां सीता सोरेन, दुबराज मंडल व पूर्व प्रत्याशी वीरेंद्र मंडल आदि के नाम की चर्चा भी है और उनके समर्थक टिकट की दावेदारी को लेकर काफी उत्तेजित दिखाई दे रहे हैं। निवर्तमान विधानसभा अध्यक्ष के नाला विधानसभा क्षेत्र में जहां उनकी दावेदारी लगभग तय है, वहीं भाजपा में आपसी कलह सड़कों पर दिखाई देने लगा है। आलम यह है कि जब भी किसी के नाम की चर्चा जोरों पर होती है तो दूसरे दावेदार के समर्थक हल्ला मचाने लगते हैं। शुक्रवार को सत्यानंद झा बाटुल के समर्थकों ने आगामी विधानसभा चुनाव में नाला विधानसभा से संभावित भाजपा उम्मीदवार माधव महतो के नाम को लेकर कुंडहित बाजार में जोरदार तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। सत्यानंद झा बाटुल के समर्थकों ने कहा कि नाला विधानसभा से संभावित भाजपा उम्मीदवार के रूप में जिस माधव चन्द्र महतो का नाम आ रहा है, उस व्यक्ति के कारण पिछले दो विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की यहां हार हुई है। समर्थकों का कहना है कि अगर नाला विधानसभा क्षेत्र से माधव चंद्र महतो को भाजपा उम्मीदवार बनाया जाता है तो कुंडहित मंडल एवं बागडेहरी मंडल के सभी भाजपा कार्यकर्ता सामूहिक रूप से भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता छोड़ देंगे। आपको बता दें कि अभी उम्मीदवारों के नाम की घोषणा पार्टी के द्वारा नहीं की गई है तो यह हाल है। स्थिति यही रही तो इसका व्यापक असर मतदान पर भी पड़ने की पूरी संभावना है, जिसका परिणाम कतई भी पार्टी के हित में नहीं होगा।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


