पटना । बिहार की राजधानी पटना के मनेर में शुक्रवार की भोर में पुलिस-एसटीएफ ने एक संयुक्त कार्रवाई में तीन कुख्यात बदमाशों को मार गिराया। ये बदमाश हाल ही में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या में शामिल थे। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मनेर थाना प्रभारी रजनीश कुमार को भी गोली लगी है, हालांकि उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मारे गए बदमाशों की पहचान मनेर के सुअरमरवा निवासी बबलू कुमार, दानापुर के खरंजा के जेपी यादव और शाहपुर गंगहारा के राजेश शर्मा के रूप में हुई है। एसडीपीओ द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जेपी यादव पैक्स अध्यक्ष की हत्या का मुख्य साजिशकर्ता था, जबकि बबलू और राजेश शूटर थे।
गौरतलब है कि दुर्गा पूजा के दौरान पटना के मनेर में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस दुस्साहसिक वारदात में ब्लॉक प्रमुख भी जख्मी हो गए थे।

यह संयोग ही है कि दुर्गा पूजा पर पैक्स अध्यक्ष की हत्या करने वाले बदमाश अब धनतेरस के मौके पर पुलिस की गोलियों का शिकार हुए हैं। पैक्स अध्यक्ष की हत्या को ब्यापुर की बिचली गली में डेयरी के पास अंजाम दिया गया था, जहां दो बाइकों से आए चार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर उन्हें निशाना बनाया था। वारदात के बाद अपराधी गली के रास्ते ही फरार हो गए थे, जिससे दशहरा मेले में भगदड़ मच गई थी और उत्सव का माहौल मातम में बदल गया था। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद से ही पुलिस की टीमें बदमाशों के पीछे लगी थीं और मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ को भी लगाया गया था।
बीते बीस दिनों से पुलिस और एसटीएफ लगातार बदमाशों के ठिकानों का पता लगा रही थीं, लेकिन वे हर बार चकमा देने में कामयाब हो जाते थे। गुरुवार की रात पुलिस को मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा नदी इलाके में बदमाशों के होने की सटीक सूचना मिली। इसके बाद पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने घेरेबंदी शुरू की। बदमाशों को जब पुलिस की आहट मिली तो उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं। दोनों तरफ से करीब 18 राउंड फायरिंग हुई। घटनास्थल से पुलिस ने दो पिस्तौल, एक देसी कट्टा और कई खोखे बरामद किए हैं।



