पटना । दरभंगा में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक इंजीनियर युवक को डेटिंग पोर्टल पर मिली श्रुति नाम की युवती से दोस्ती करना महंगा पड़ गया। युवती ने पहले शादी का भरोसा दिलाया और फिर इन्वेस्टमेंट बैंक में काम करने का दावा कर शेयर बाजार में निवेश के नाम पर उससे करीब डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने तीन महीने के भीतर युवक के साथ-साथ उसके माता-पिता और बहन की भी जमा पूंजी अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवा ली। जब युवक ने अपने पैसे वापस मांगे तो युवती ने संपर्क तोड़ लिया, जिसके बाद इस धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।
दरभंगा के रहने वाले इंजीनियर दीपक कुमार झा अपने लिए जीवनसाथी की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक डेटिंग पोर्टल का सहारा लिया, जहां उनकी मुलाकात श्रुति नाम की एक युवती से हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह सिलसिला फोन कॉल तक पहुंच गया। कुछ ही दिनों में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं और प्यार का इजहार होने लगा। बातचीत में शादी के प्रस्ताव और भविष्य को लेकर भी बातें होने लगीं, जिससे दीपक को लगा कि उन्हें अपना हमसफर मिल गया है। दीपक के मन में शादी और एक बड़ा मकान खरीदने जैसे कई सपने थे। उन्होंने अपनी इन इच्छाओं के बारे में श्रुति को भी बताया। आरोप है कि इसके बाद युवती ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वह एक इन्वेस्टमेंट बैंक में काम करती है और वहां पैसा लगाने से कम समय में अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। शादी और बेहतर भविष्य के सपने के बीच दीपक उसकी बातों में आ गए और निवेश के नाम पर पैसे ट्रांसफर करने लगे।
श्रुति ने धीरे-धीरे दीपक से निवेश और शेयर बाजार में पैसा लगाने के नाम पर रकम लेना शुरू कर दिया। युवती के कथित प्रेमजाल में फंसे दीपक ने अपनी पूरी जमा पूंजी उसके बताए अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने माता-पिता और बहन की जमा रकम भी इन खातों में भेज दी। इस तरह करीब तीन महीने के भीतर ठगी की रकम बढ़कर लगभग डेढ़ करोड़ रुपये तक पहुंच गई। पुलिस को दिए गए आवेदन में दीपक ने कुल 30 अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए जाने की जानकारी दी है। मामले का खुलासा तब हुआ जब दीपक को खुद पैसों की जरूरत पड़ी और उन्होंने श्रुति से अपनी जमा रकम वापस मांगी। आरोप है कि इस पर युवती ने उन्हें बताया कि सिस्टम में मेंटेनेंस का काम चल रहा है और पैसे वापस मिलने में दो से तीन दिन लगेंगे। जब तय समय के बाद भी उनके खाते में कोई रकम नहीं आई और दीपक ने दोबारा पैसे मांगे तो युवती ने एक नई शर्त रख दी। उसने कथित तौर पर कहा कि अपनी जमा रकम वापस लेने के लिए दीपक को पहले 25 प्रतिशत अतिरिक्त रकम देनी होगी।




