देवघर । शहर के प्रधान डाकघर स्थित पासपोर्ट सेवा कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना से मंगलवार को हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। एहतियात के तौर पर डाकघर परिसर को खाली कराया गया और पूरे भवन की सघन तलाशी ली गई। डाकपाल रवि कुमार ने बताया कि रिजनल पासपोर्ट ऑफिस, रांची से ई-मेल के माध्यम से सूचना मिली थी कि झारखंड के सभी पासपोर्ट कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इसके बाद रिजनल कार्यालय ने देवघर प्रधान डाकघर को भी सतर्क रहने का निर्देश दिया। सूचना मिलते ही मामले की जानकारी तत्काल देवघर पुलिस और पुलिस अधीक्षक को दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक अपनी टीम के साथ प्रधान डाकघर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर वहां मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों को बाहर निकालकर पूरे परिसर को खाली कराया गया। इसके बाद झारखंड जगुआर की बम निरोधक टीम और श्वान दस्ता मौके पर पहुंचा और भवन के हर हिस्से की बारीकी से जांच की। नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने बताया कि धमकी मिलने की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए परिसर को खाली कराया गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ता और श्वान टीम ने प्रधान डाकघर तथा पासपोर्ट कार्यालय के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। जांच के दौरान डाकघर परिसर और पासपोर्ट कार्यालय से कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। हालांकि, घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। पूरे मामले पर पुलिस की नजर बनी हुई है और आगे की जांच जारी है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


