जिले में है थैलेसीमिया,सिकल सेल एनीमिया व ए प्लास्टिक एनीमिया के 52 मरीज
अमित सिंह
साहिबगंज- साहिबगंज सदर अस्पताल परिसर स्थित ब्लड बैंक में इन दिनों ब्लड का उपलब्ध नही होना लोगो के लिए परेशानी का सबब बना है.जिसके कारण जरूरतमंदों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.जानकार बताते हैं कि ब्लड बैंक से थैलेसीमिया मरीज ,सिकल सेल एनीमिया मरीज,ए प्लास्टिक एनीमिया मरीज,कालाजार मरीज,एचआईभी पॉजिटिव मरीज, पहाड़िया मरीज एवं आरटीए मरीजों को बिना रिप्लेसमेंट ब्लड मुहैया कराया जाता है.इसके अलावे सदर अस्पताल के डीएस, सिविल सर्जन, अधिकारियों, नेताओं एवं ऑन ड्यूटी चिकित्सक के अनुशंसा पर भी जरूरतमंद मरीजों को ब्लड उपलब्ध कराना पड़ता है.यही कारण है कि ब्लड बैंक में बहुत जल्द ही ब्लड का स्टाॅक समाप्त हो जाता है. वर्तमान समय में ब्लड बैंक की स्थिति यह है कि ब्लड बैंक में मात्र एक यूनिट ए नेगेटिव ग्रुप का ब्लड बचा हुआ है.शेष बचे सभी ग्रुप का ब्लड समाप्त हो गया है.बताते चले कि साहिबगंज सदर अस्पताल सहित जिले भर के कई क्लिनिक इसी ब्लड बैंक पर निर्भर हैं. इसके अलावे जिले में थैलेसीमिया के 50 मरीज, सिकल सेल एनीमिया के 01 एवं ए प्लास्टिक एनीमिया के 01 मरीज है.जिसे हर माह बिना रिप्लेसमेंट ब्लड ब्लड बैंक के द्वारा उपलब्ध कराया जाता है.वही ब्लड बैंक में ब्लड उपलब्ध नही रहने के कारण जरूरतमंद मरीज व उनके परिजनों को ब्लड के लिए भटकना पड़ रहा है.वही थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया एवं ए प्लास्टिक एनीमिया मरीजों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है.
ब्लड बैंक में 300 यूनिट ब्लड स्टोरेज की है क्षमता
साहिबगंज – साहिबगंज सदर अस्पताल परिसर स्थित ब्लड बैंक में ब्लड को स्टोरेज करने के लिए 150 यूनिट ब्लड स्टोरेज का दो मशीन उपलब्ध है.यानि दोनो मशीन में 300 यूनिट ब्लड स्टोर कर रखा जा सकता है.ब्लड बैक के कर्मचारी ने बताया कि जिस माह 5-7 ब्लड कैम्प हो जाता है तो ब्लड बैंक में 125 से 150 यूनिट ब्लड जमा हो जाता है.लेकिन साहिबगंज में थैलेसीमिया के 50 मरीज, सिकल सेल एनीमिया के 01 एवं ए प्लास्टिक एनीमिया के 01 मरीज है.जिसे हर माह बिना रिप्लेसमेंट के ब्लड उपलब्ध कराना पड़ता है.जिसके कारण ब्लड बैंक में ब्लड की कमी की समस्या बनी रहती है.
बोले ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ अलीमुद्दीन अंसारी…
साहिबगंज –सदर अस्पताल के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ अलीमुद्दीन अंसारी ने कहा कि निश्चित तौर पर ब्लड बैंक में ब्लड की कमी है.ब्लड बाजार में नहीं मिलता है. रिप्लेसमेंट में अगर ब्लड नहीं आयेगा तो हमलोगों को ब्लड बैंक चलाना मुश्किल हो जायेगा.मै लोगो से अपील करता हूं कि लोग स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आकर ब्लड बैंक का सहयोग करें. तभी किसी जरूरतमंद मरीज की जान बचाई जा सकती है. ब्लड देने से कोई कमजोर नहीं होता. चार माह में हर स्वस्थ आदमी को रक्तदान करना चाहिये.
सीएस डॉ रामदेव ने कहा..
साहिबगंज – सिविल सर्जन डॉ रामदेव पासवान ने कहा कि ब्लड बैंक में ब्लड की कमी तो है.कमी को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के द्वारा जिले के बैंकों एवं स्वंयसेवी संस्थाओं से संपर्क कर रक्तदान शिविर लगाने का अनुरोध किया जाएंगा.ताकि ब्लड बैंक में जो ब्लड की कमी है उसे दूर किया जा सके.


