पूर्वी सिंहभूम । बागबेड़ा थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग चौक के समीप स्थित गोल्डन ज्वैलर्स में बुधवार देर रात चोरों ने धावा बोलकर करीब पांच से छह लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए।
चोर दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और आभूषण समेटकर मौके से फरार हो गए। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना का खुलासा गुरुवार सुबह हुआ, जब दुकान के मालिक एस के दत्ता प्रतिष्ठान खोलने पहुंचे। शटर का ताला टूटा देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई। अंदर जाकर जांच करने पर सोने और चांदी के कई आभूषण गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल बागबेड़ा थाना की पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब पांच से छह लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में रात करीब तीन बजे चोर दुकान में घुसकर चोरी करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश कुमार ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों का पता लगाने और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं।


