पश्चिमी सिंहभूम । पश्चिमी सिंहभूम ( चाईबासा) में बुधवार को दिनदहाड़े शातिर ठगों ने एक फर्नीचर व्यवसायी को निशाना बनाते हुए 1.65 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना सदर थाना क्षेत्र के सदर बाजार स्थित जैन चौक के पास हुई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार गांधी टोला निवासी व्यापारी दीपक कुमार साव बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से 1.65 लाख रुपये निकालकर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे।
उन्होंने नकदी से भरा बैग बाइक के हैंडल में टांग रखा था। इसी दौरान जैन चौक के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें आवाज लगाई कि उनका पैसा नीचे गिर गया है। व्यापारी जैसे ही नीचे देखने के लिए रुके, तभी गिरोह के दूसरे सदस्य ने फुर्ती दिखाते हुए हैंडल से नकदी से भरा बैग उठा लिया। बदमाश व्यवसायी का ध्यान भटकाकर होंडा शाइन बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी हीराल महतो पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि गिरोह का एक सदस्य बैंक के भीतर ग्राहक बनकर मौजूद था और बड़ी रकम निकालने वाले ग्राहकों पर नजर रख रहा था। उसी की सूचना पर बाहर खड़े साथियों ने पूरी वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने पीड़ित व्यापारी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। बैंक परिसर और जैन चौक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें संदिग्ध आरोपित और उनकी बाइक दिखाई देने की बात सामने आई है। फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सदर थाना प्रभारी हीराल महतो ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। संदिग्धों की पहचान कर विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


