संताल एक्सप्रेस संवाददाता

रांची। आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा है कि हम इससे इंकार नहीं कर सकते कि समाज में शोषण और अत्याचार नहीं है। शोषण और अत्याचार के कारण ही वामपंथियों का विद्रोह हुआ है। वे विद्रोह के आधार पर सत्ता प्राप्त कर परिवर्तन लाना चाहते हैं जब कि हम गांधी , विवेकानंद व संघ के रास्ते पर चलकर सामाजिक बदलाव लाना चाहते हैं। वे शुक्रवार को यहां आरोग्य भवन एक में परंपरा और प्रयोग पुस्तक के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में तेजी से विकास हो रहा है लेकिन इसके साथ विनाश भी हो रहा है। आज हमें विकास और विनाश के बीच संतुलन लाना होगा। प्रकृति के पूरक हमारा जीवन कैसे हो सकता है। जल, जंगल और जमीन को कैसे बचाया जा सकता है, इस पर विश्वविद्यालय के विद्वानों को सोचना होगा। उन्होंने पुस्तक परंपरा और प्रयोग के लेखक अशोक भगत के जीवन को जनजातीय समाज के प्रति समर्पित बताते हुए उनके योगदान की सराहन की और कहा कि यदि वे चाहते तो विद्यार्थी परिषद से राजनीति में आ सकते थे लेकिन उन्होंने समाजसेवा को अपना मिशन बनाया। श्री होसबाले ने वन लाइफ,वन मिशन सहित देश में हुए विभिन्न आंदोलनों की भी चर्चा की। समारोह के विशिष्ट अतिथि नेशनल ट्रेनिंग एजेंसी के अध्यक्ष डॉ प्रदीप जोशी ने पुस्तक के लेखक अशोक भगत के साथ के अपने संस्मरण को विस्तार से साझा करते हुए कहा कि यह पुस्तक आनेवाले समय में एक मार्गदर्शक के रूप में काम करेगा। इस अवसर पूर्व मेयर आशा लकड़ा ने अशोक भगत को जीवन कार्यशैली व विकास भारती के विभिन्न आयामों की विस्तृत रूप से चर्चा की । पुस्तक के लेखक व विकास भारती के सचिव पद्मश्री अशोक भागत ने कहा कि मैंने कभी आत्मजीवनी लिखने को नहीं सोचा। मंच का संचालन विकास भारती के उपाध्यक्ष रंजना ने की तथा धन्यवाद ज्ञापन संस्था के अध्यक्ष डॉ अजय सिंह ने किया। उक्त समारोह में कई राजनीतिज्ञ व सामाजिक कार्यकर्ता व पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कार्यक्रम का आयोजन प्रभात प्रकाशन के सहयोग से किया गया।





