सरायकेला । जेएएम से नाराज चल रहे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने अपना रास्ता अलग बनाने की घोषणा कर दी है। चंपई सोरेन ने सरायकेला में शक्ति प्रदर्शन के साथ ही साथ विरोधियों को कड़ा संदेश दिया। चंपाई सोरेन ने जनसभा में कहा कि पांच महीने मुख्यमंत्री की कुर्सी पर रहते हुए मैंने बेमिसाल काम कर दिखाए, जिसे लोग भूल नहीं सकते हैं। सरायकेला में जनता का अपार समर्थन देख पूर्व मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया कि बहुत जल्द इसकी घोषणा करूंगा। चंपाई सोरेन ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि मेरे काम शायद पार्टी चीफ को पसंद नहीं आया, इसलिए बेइज्जत कर मुझे कुर्सी से उतार दिया। लेकिन अब जनता के समर्थन से दोबारा मजबूत राजनीति करनी है। मैं अपना रास्ता अलग बनाऊंगा। चंपाई सोरेन ने कहा कि 40 साल पहले जब विधायक नहीं था, तब टाटा कंपनी के खिलाफ जोरदार आंदोलन कर सबसे बड़े औद्योगिक घराने की ईंट से ईंट बजा दी थी, तब कंपनी ने 50 लाख रुपये में मेरी हत्या का सौदा किया था, लेकिन मैं उनसे डरा नहीं और लड़कर हजारों मजदूरों को स्थाई नौकरी दिलाई। उन्होंने कहा, जब टाटा जैसी बड़ी कंपनी नहीं रोक पाई तो मेरे राजनीतिक विरोधी क्या रोकेंगे? चंपाई सोरेन ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि अब इतिहास रचने आया हूं। मंच से उन्होंने जनता का समर्थन मांगा। इस दौरान सभा में उपस्थित लोगों ने एक सुर में वीर तुम आगे बढ़ो-हम तुम्हारे साथ हैं के नारे लगाए। पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में अपने दिल का हाल बयां किया। उन्होंने कहा कि जिस संगठन को अपने खून पसीने से सींचा, उस पार्टी ने वो सम्मान नहीं दिया। इसलिए अब नया इतिहास लिखने निकला हूं।






