पुलिस ने किया खुलासा, बीना शर्मा ने ही कार की फोटो खींचकर शूटरों को भेजी थी
देहरादून । अर्जुन हत्याकांड में खुलासा हुआ है कि अर्जुन अपनी मां ने ही उसकी हत्या करवाई है। विवाद के बाद अर्जुन अपनी मां से अलग रहता था। मां बीना शर्मा को भी अर्जुन की लोकेशन की जानकारी नहीं थी। ऐसे में बीना शर्मा ने उसकी कार की फोटो खींचकर शूटरों को भेजी थी। इसके बाद शूटर एक महीने से अर्जुन की रेकी कर रहे थे, लेकिन वह हत्या की घटना को अंजाम नहीं दे सके। उसके बाद तिब्बती मार्केट के पास मौका पाकर उन्होंने अर्जुन को गोली मारी थी। पुलिस ने शूटरों के मोबाइल से फोटो भी बरामद की है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गैस एजेंसी से हर माह 15 से 20 लाख रुपए की इनकम होने के बावजूद बीना शर्मा के घर के हालात अच्छे नहीं थे। माना जा रहा है कि वह विनोद उनियाल के इतने प्रभाव में थी कि वह जो भी रुपये आते थे, वह उसके खाते में ट्रांसफर कर देती थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक बीना शर्मा 40 से 42 करोड़ रुपए अब तक विनोद के खाते में ट्रांसफर कर चुकी हैं।
पुलिस के मुताबिक जिस समय शूटरों ने अर्जुन को गोली मारी उस समय बीना शर्मा गैस एजेंसी में मौजूद थीं। घटना की जानकारी मिलते ही वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। एजेंसी में काम करने वाले कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। सभी जांच करने के बाद उनकी रिपोर्ट नार्मल आई। यहीं से पुलिस का शक गहराया और आखिर बीना शर्मा ने बेहोशी का नाटक क्यों किया। पूछताछ के बाद सभी बातें खुलकर सामने आ गई।
रुपयों के लालच में दोनों भाइयों ने अर्जुन शर्मा की रेकी की। 11 फरवरी को जब अर्जुन परेड मैदान से टेनिस खेलकर लौट रहा था तो आरोपितों ने तिब्बती मार्केट के पास उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। जांच में पता चला कि घटना से पहले और बाद में आरोपी पंकज राणा ने विनोद उनियाल से वाट्सएप के जरिए संपर्क किया था और घटना के बाद रात में आरोपी उसके घर भी गया था। इसके अलावा अर्जुन शर्मा की मां बीना शर्मा ने अर्जुन के मैनेजर विजय से कुछ दिन पूर्व उसकी दिनचर्या के बारे में जानकारी ली थी, क्योंकि अपनी मां से हुए विवाद के चलते अर्जुन अपने परिवार के साथ इंदिरा नगर क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था। दोनों मुख्य आरोपी पंकज राणा व राजीव राणा को पुलिस ने रिमांड पर लिया है।






