सरैयाहाट। सरैयाहाट थाना क्षेत्र में पहाड़ों को तोड़कर पत्थरों की अवैध बिक्री का गोरखधंधा इन दिनों धड़ल्ले से चल रहा है। पत्थर के इस अवैध कारोबार से जुड़े लोग रात में अंधेरे में कहीं पहाड़ से पत्थर को तोड़ते हैं तो कहीं विस्फोटक लगा जमीन के अंदर से पत्थर निकालते हैं। और फिर थाना क्षेत्र के अलग-अलग जगहों पर दिन के उजाले में खुलेआम हाईवे से ट्रैक्टरों के माध्यम से पहुंचा देते हैं। बताया जा रहा है कि प्रखंड में एक टेलर पत्थर की कीमत करीब चार से पांच हजार रुपये है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की शिथिलता की वजह से क्षेत्र में यह धंधा काफी फलफूल रहा है। वहीं क्षेत्र में दिन के उजाले में खुलेआम अवैध तरीके से पत्थर के खनन व परिवहन के कारोबार के संचालित होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय प्रशासन की उदासीनता से पत्थर माफिया लाखों की कमाई करते हैं। साथ ही साथ पर्यावरण को भी काफी हानि पहुंचाते हैं। पूरे क्षेत्र में पत्थर माफिया का नेटवर्क इस तरह फैला है कि अवैध पत्थर लगे वाहनों को पार कराने के लिए लोग रेकी करते हैं। पुलिस की पल-पल की गतिविधि की सूचना वाहन चालक तथा पत्थर माफियाओं तक आसानी से पहुंच जाती है। धंधेबाजों का नेटवर्क इस तरफ फैला है कि पुलिस की हरेक गतिविधियों की जानकारी उन्हें रहती है।






