संजीव
गोड्डा : झारखंड गठन के बाद संभवत पहली बार राज्य मंत्रिमंडल में गोड्डा जिला को इतनी बड़ी उपलब्धि मिली है। जहां पहली बार दो-दो विधायकों को हेमंत के कैबिनेट में जगह दे गई है। यह जिले के लिए एक गौरवशाली क्षण है। क्योंकि जिले के तीन विधानसभा क्षेत्र में जहां इंडिया गठबंधन के विधायक हैं वहीं तीन में दो विधायक राज्य मंत्रिमंडल में शामिल हुए हैं। यह इस जिले के लिए एक गौरव की बात है। गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। जिसमें जिले के गोड्डा एवं महागामा विधानसभा क्षेत्र से विधायक को शामिल किया गया है। जिन विधायकों को आज कैबिनेट में जगह मिली है उनमें गोड्डा विधानसभा के राजद विधायक संजय प्रसाद यादव एवं कांग्रेस के महागामा विधायक दीपिका पांडे सिंह शामिल हैं। बता दें कि गोड्डा जिले से इंडिया गठबंधन के तीनों प्रत्याशियों जीत दर्ज कर पहली दफा क्लीन स्वीप किया है।
राजद सुप्रीमो के चहेते रहे हैं गोड्डा विधायक
बात करें गोड्डा विधायक संजय प्रसाद यादव के तो वे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के कृपा पात्र रहे हैं। और वे लगातार विपरीत परिस्थितियों में भी राजद के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में पार्टी से जुड़े रहे। फिलहाल पार्टी के प्रदेश महासचिव भी हैं। झारखंड में कुल चार सीट राजद को मिली हैं, जहां संथाल से गोड्डा और देवघर की सीट शामिल है।
राहुल गांधी के कोर ग्रुप की मेंबर हैं महगामा विधायक
वहीं महगामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह को फिर से कांग्रेस कोटे से मंत्री बनाया गया है। हेमंत सोरेन के जेल से निकलने के बाद लगभग चार माह तक दीपिका पांडेय सिंह ने मंत्री के रूप कार्य किया। बतौर कृषि मंत्री ऋण माफी योजना का लाभ लोगों को दिया और कल्पना सोरेन के साथ मंईयां योजना के प्रचार प्रसार में भी आइकॉन की भूमिका में दिखीं। ऐसे में दीपिका पांडेय सिंह मंत्री बनना तय भी माना जा रहा था। इसके आलावा दीपिका पांडेय सिंह कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कोर ग्रुप की मेंबर हैं। और सीधे संपर्क में रहने के साथ संगठन में राष्ट्रीय स्तर पर काम कर चुकी हैं। वहीं कई राज्यों की चुनाव प्रभारी के रूप में काम भी कर चुकी हैं।





