हिजला मेला में बिखरेगी आदिवासी संस्कृति की छटा, जनजातीय फैशन शो का रहेगा जलवा
हिजला मेला परिसर में स्थित मांझी थान में ग्राम प्रधान ने की विधिवत पूजा अर्चना, फीता काटकर हिजला मेला का किया उद्घाटन
राजकीय जनजातीय हिजला मेला उल्लास जुलूस के साथ शुरू हुआ महोत्सव, उद्घाटन में दिखा लोक-संस्कृति और लोक गीत-संगीत का अद्भुत संगम
राजकीय जनजातीय हिजला मेला सिर्फ मेला नहीं हमारी परंपरा व हमारी संस्कृति की एक महत्वपूर्ण पुस्तक: जोयस बेसरा
आदिवासी समाज के लोग परंपरागत परिधान पहनकर पारंपरिक वाद्य यंत्र के साथ हिजला मेला में हुए शरीक
सिंगा-सकवा, मांदर व मदानभेरी जैसे परंपरागत वाद्ययंत्र की मेले में उठी गूंज
दुमका ब्यूरो

दुमका: मयूराक्षी नदी के तट पर हिजला में मयूराक्षी नदी के तट पर लगने वाला आठ दिवसीय राजकीय जनजातीय महोत्सव हिजला मेला 21 फरवरी से 28 फरवरी तक आयोजित होने वाली शुक्रवार को उल्लास जुलूस के साथ हिजला के ग्राम प्रधान सुनीलाल हांसदा ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके उपरांत अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने मंच के समीप ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की।काफी संख्या में आदिवासी समाज के लोग परंपरागत परिधान पहनकर पारंपरिक वाद्य यंत्र के साथ शरीक हुए। मेला परिसर पहुंचकर पूज्य स्थल ‘दिसोम मारंग बुरु थान’ में संताल समाज के लोगों और अधिकारियों ने पूजा अर्चना किया । मौके पर एसडीओ, प्रशिक्षु एआईएस सहित कई अधिकारी और सामाजिक संगठन से जुड़े लोग मौजूद रहे।

हिजला मेला महोत्सव में सिंगा-सकवा, मांदर व मदानभेरी जैसे परंपरागत वाद्ययंत्र की गूंज
मेले के उद्घाटन सत्र में विभिन्न विद्यालयों के छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। इसके साथ ही छऊ नृत्य और नटवा नृत्य भी पेश किए गए।
यह मेला जनजातीय समाज के सांस्कृतिक संकुल की तरह है। जिसमें सिंगा-सकवा, मांदर व मदानभेरी जैसे परंपरागत वाद्ययंत्र की गूंज तो सुनने को मिलती ही है। झारखंडी लोक संस्कृति के अलावा अन्य प्रांतों के कलाकार भी अपनी कलाओं का प्रदर्शन करने पहुंचे हैं। बदलते समय के साथ इस मेले को भव्यता प्रदान करने की कोशिशें सरकार द्वारा लगातार होती रही हैं। मेला क्षेत्र में कई आधारभूत संरचनायें विकसित हो गयी हैं, जो मेले के उत्साह को दाेगुणा करने में सहायक साबित हो रहा है।

ट्राइबल म्यूजियम और पारंपरिक कृषि पद्धतियों और जनजातीय जीवनशैली का संगम हिजला मेला: डीडीसी
महोत्सव के पूरे अवधि में कृषि प्रदर्शनी, ट्राइबल म्यूजियम और विभिन्न विभागों के स्टॉल मेला में आने वाले लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। ये प्रदर्शनियां न केवल झारखंड की पारंपरिक कृषि पद्धतियों और जनजातीय जीवनशैली को दर्शाती हैं,बल्कि नई तकनीकों और सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूकता भी बढ़ाती हैं। अपने संबोधन में उप विकास आयुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि इस मेले में यहाँ की संस्कृति, लोकसंगीत की अदभुत झलक देखने को मिलती है। संथाल परगना की संस्कृति, खानपान, नृत्य, लोकसंगीत सहित जनजातीय समाज से जुड़ी कई जानकारियों का यह मेला संगम है। पूरे मेला अवधि में संताल परगना की कला संस्कृति की झलक, नवीन क़ृषि तकनीक देखने को मिलेगी, जबकि सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराने का यह बड़ा मंच साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस मेले के आयोजन का इंतज़ार यहां के लोगों के द्वारा पूरे वर्ष किया जाता है। कहा कि अधिक से अधिक लोग इस मेले में आएं एवं यहां के गौरवशाली संस्कृति को देखें यही हमारा प्रयास है। उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा कि किसी भी प्रकार के विधि व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हो इसका ध्यान रखे।
यह सिर्फ मेला नहीं हमारी परंपरा, हमारी संस्कृति की है एक महत्वपूर्ण पुस्तक :जॉयस बेसरा
अपने संबोधन में जिला परिषद अध्यक्ष जॉयस बेसरा ने कहा कि यह सिर्फ मेला नहीं हमारी परंपरा हमारी संस्कृति की एक महत्वपूर्ण पुस्तक है।जनजातीय समाज की संस्कृति,संगीत,नृत्य रहन सहन सहित और भी कई महत्वपूर्ण बातों को इस मेले के माध्यम से समझा जा सकता है।उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर इस आयोजन को सफल बनाएं इस आयोजन का हिस्सा बनाएं। इसके उपरांत अतिथियों ने स्टॉल का निरीक्षण किया।

ऐतिहासिक हिजला मेला की नींव 3 फरवरी सन 1890 ई. में
संताल परगना के तत्कालीन अंग्रेज उपायुक्त जॉन राबटर्स कास्टेयर्स के समय 3 फरवरी सन 1890 ई. में इस ऐतिहासिक मेले की नींव रखी गई थी.स्थानीय परंपरा, रीति-रिवाज और लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से मेला की शुरुआत की गई थी। वर्ष 1975 में संताल परगना के तत्कालीन उपायुक्त गोविंद रामचंद्र पटवर्धन की पहल पर हिजला मेला के आगे जनजातीय शब्द जोड़ दिया गया। झारखण्ड सरकार ने इस मेला को वर्ष 2008 से एक महोत्सव के रुप में मनाने का निर्णय लिया। 2015 में इस मेला को राजकीय मेला का दर्जा प्रदान किया गया, जिसके पश्चात यह मेला राजकीय जनजातीय हिजला मेला महोत्सव के नाम से जाना जाता है। अमूमन किसी राजकीय महोत्सव या मेले के लिए आमंत्रण मिलने पर मंत्री, नेता और पदाधिकारी अतिथि बनने या फीता काटने के लिए तैयार रहते हैं। तीन दशक पहले तक राज्यपाल और मुख्यमंत्री इस मेले का उदघाटन समारोह में शामिल हुआ करते थे। लेकिन मेले के उद्घाटन के बाद राजनेताओं की कुर्सी हाथ से निकल जाने पर कई तरह की भ्रांतियां बन गई। जिसके कारण अब राजनेता और अधिकारी इस मेले का फीटा काटने से कतराते हैं। मेले का अब उदघाटन ग्राम प्रधान के हाथों होता है।
मेरे में नृत्य, गीत व धुनों की होगी जुगलबंदी
जनजाति संस्कृति की जीवंत प्रस्तुति हिजला मेला में होती है। मेले में जनजातीय फैशन शो होता है। कला मंच पर दिन भर बच्चों का क्विज, भाषण, वाद-विवाद प्रतियोगिता और बुद्धिजीवियों के मध्य परिचर्चा का आयोजन किया जाता है। इसके अलावा रात में कॉलेज विद्यार्थियों की ओर से पारंपारिक कथानकों का मंचन किया जाता है। साथ ही बाहरी कला मंच पर सांस्कृतिक दलों के मध्य प्रतियोगिता और सांस्कृतिक संध्या जिसमे राष्ट्रीय अंतराष्ट्रीय स्तर के कलाकारों का प्रदर्शन, खेल-कूद प्रतियोगिता के साथ-साथ पुस्तक, खानपान और मनोरंजन और संबंधित दुकाने लगाई जाती है। सरकार की विभिन्न योजनाओं से रुबरु कराने के उद्देश्य से विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं, तो किसानों को आधुनिक तकनीक से अवगत कराने के लिए कृषि, आत्मा, उद्यान और मत्स्य पदाधिकारीयों की ओर से कराया जाता है। कृषि प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बिंदु है।

1890 से मयूराक्षी नदी के मुहाने पर हिजला मेला
1890 से मयूराक्षी नदी के मुहाने पर हिजला मेला लग रहा है। हिजला गांव ग्राम प्रधान सह मेला के उदघटनकर्ता सुनिलाल हांसदा ने कहा कि अगर अंग्रेज सरकार वर्षो पूर्व पूज्य पेड़ सारजोम (सखुवा) को नहीं कटवाते तो शायद यहां मेला शुरू ही नहीं हुआ होता। दिसोम मंझी थान के नायकी सीताराम सोरेन ने मेला के इतिहास के बारे में बताया कि कई सौ वर्ष पहले यहां संताल आदिवासी का पूज्य पेड़ सारजोम (सखुआ) हुआ करता था। पेड़ के नीचे ग्रामीण एकत्रित होते थे और पूजा अर्चना करते थे। साथ ही गांव में जो फैसला नहीं हो पाता था उसकी सुनवाई यहां होती थी। जिसे मोड़े पिंडह बैसी (पंचायती) भी कहा जाता था।आदिवासियों के अधिक संख्या में यहां जमा होने के कारण ब्रिटिश सरकार को विद्रोह का डर सताने लगा था। अंग्रेज सरकार को पता चला कि यही सारजोम (सखुवा) पेड़ ही इसका बहुत बड़ा कारण है।आदिवासी यहाँ जमा ना हो और विद्रोह नहीं हो, इसलिए तत्कालीन अंग्रेज सरकार ने उस पूज्य पेड़ को कटवा दिया। किंवदंती है कि पेड़ काटने के बादबइस इलाके में भीषण अकाल पड़ा। इलाके में भुखमरी की स्थिति उत्पन्न होने लगी, जिससे आदिवासी ग्रामीण आक्रोशित होने लगे। इससे अंग्रेजो के विरुद्ध आंदोलन कि आग भड़कने लगी.संभावित आंदोलन को रोकने के उद्देश्य से 1890 में ब्रिटिश सरकार ने यहां मेला लगवाने की परंपरा शुरू किया। आरंभ में यह हिंजला(अपना कानून) के नाम से जाना जाता। कालांतर में हिंजला का अपभ्रंश हिजला हो गया। जिस पूज्य पेड़ सारजोम (सखुवा) को ब्रिटिश ने कटवा दिया था उसका अवशेष आज फासिल्स में तब्दील हो गया है। जिसे आदिवासी दिसोम मरांग बुरु थान के नाम से जानते है और समाज के लोग उसकी पूजा करते हैं।





