धनबाद । धनबाद स्थित आईआईटी आईएसएम (इंडियन स्कूल ऑफ माइन्स) में पढ़ रहे इंजीनियरिंग के तीसरे वर्ष के छात्र की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। गुरुवार सुबह उसका शव होस्टल के बाथरूम में पड़ा मिला। इस बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के रहने वाले 21 वर्षीय तन्मय प्रजापति के रूप में हुई है।उधर आईआईटी-आईएसएम के सुरक्षा अधिकारी राम मनोहर ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि तन्मय इंस्टिट्यूट के एक्वामरीन होस्टल की नौवीं मंजिल पर रहता था। उन्होंने बताया, सुबह करीब पौने दस बजे उसका बाथरूम अंदर से बंद मिला।

इसके बाद जब उसका दरवाजा तोड़ा गया तो तन्मय बेहोशी की हालत में फर्श पर पड़ा हुआ दिखाई दिया। उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले को लेकर डीएसपी(कानून-व्यवस्था) नौशाद आलम ने कहा कि मौत की वास्तविक वजह की जानकारी पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल सकेगी। उन्होंने कहा, शव को अस्पताल के शवगृह में रख दिया गया है। इंदौर से मृतक के परिजनों के आने के बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।





