झारखंड की छठी विधानसभा पहला सत्र
समाचार विश्लेषण
चंदन मिश्र
झारखंड की छठी विधानसभा के गठन के साथ ही चार दिनों का पहला सत्र आज संपन्न हो गया। पहले सत्र का आगाज तो अच्छा रहा, अंजाम भविष्य के गर्त में है। वर्तमान विधानसभा को पांच साल तक चलना है। यह एक लंबा कालखंड होता है। इतने दिनों में स्वर्णरेखा से न जाने कितना पानी बह चुका रहेगा। पांच बसंत, हेमंत, शिशिर, ग्रीष्म और वर्षा के मौसम बीत जाएंगे। वक्त बताएगा कि झारखंड की गठबंधन सरकार झारखंड को कितना आगे या पीछे लेकर जाएगी। पहले सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्षी दल के सदस्यों ने अपनी भूमिका में दिखाई दिए। सबने खुलकर अपनी बातें रखी।
चार दिनों के छोटे से सत्र में जितने काम होने चाहिए , वे सभी काम निपट गए। छठी विधानसभा के सभी सदस्यों को सदस्यता की शपथ दिलाई गई। नए स्पीकर का चुनाव कराया गया। रवींद्र नाथ महतो दुबारा निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड विधानसभा में बतौर राज्यपाल अपना पहला भाषण किया।
अभिभाषण में राज्यपाल ने सरकार के भविष्य की योजनाओं और रोड मैप रखा। दरअसल झामुमो की चुनावी घोषणाएं ही राज्यपाल के अभिभाषण में समाहित की गईं थीं। सदन में सरकार ने वर्तमान वित्तीय वर्ष का दूसरा अनुपूरक बजट पेश कर पास करा लिया गया। सत्र के पहले दिन डेढ़ घंटे में सभी 80 सदस्यों का शपथ कार्यक्रम हो गया। दूसरे दिन एक घंटे के अंदर स्पीकर का चुनाव और सदस्यों के भाषण की औपचारिकताएं पूरी हो गईं। तीसरे दिन राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार का अभिभाषण हुआ। उसी दिन 11697.45 करोड़ का दूसरा अनुपूरक बजट पेश किया गया। झारखंड के नए वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने पहली बार बतौर मंत्री अनुपूरक बजट पेश किया। सदन के आखिरी दिन गुरुवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर पूर्वार्द्ध में दो घंटे चर्चा हुई। सत्ता पक्ष ने राज्यपाल के अभिभाषण की सराहना करते हुए सरकार का गुणगान किया। वहीं विपक्षी दल ने राज्यपाल के अभिभाषण को आधार बनाकर सरकार को घेरने की कोशिश की। विपक्ष की ओर से सदन में आए नए और नौजवान सदस्यों ने पहले ही सत्र में अपने तेवर और अंदाज से जता दिया है कि वे सरकार को उसकी गलतियों पर किसी भी हाल में छोड़ने वाले नहीं हैं।
सदन में एक दिलचस्प बात देखने को मिली। बाबूलाल मरांडी लगभग पांच साल बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता के तौर पर खुलकर बोले। बाबूलाल मरांडी ने बहुत संक्षिप्त में अपनी बातें रखीं। उन्होंने बिलकुल तय बिंदुओं पर सरकार को घेरते हुए उसकी घोषणाओं और योजनाओं की ओर इशारा किया। उनके भाषण में गंभीरता और एक वरिष्ठ नेता का अंदाज साफ झलक रहा था। आजसू के नौजवान विधायक निर्मल महतो और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के विधायक जयराम महतो ने खुलकर अपनी बातें रखीं। दोनों नौजवान विधायकों ने अपने जो तेवर दिखाए हैं, सरकार को इनसे सावधान रहना होगा। सत्ता पक्ष की ओर से अभी भी कई मंत्री और पुराने विधायक अनियंत्रित बोलियों से विवादों में घिरे दिखते हैं।
अब सदन के अंदर असली राजनीतिक द्वंद्व अगले साल फरवरी में होनेवाले बजट सत्र में दिखाई देगा, जब सरकार चार अपने चार महीने की प्रोजेक्ट रिपोर्ट के साथ प्रस्तुत होगी। और विपक्ष सरकार के घेरने के लिए अपने सभी हथियार तैयार कर के सामने आएगा। तब तक हमें इंतजार करना होगा।





