रांची । झारखंड में कुछ लोगों को आतंकी ट्रेनिंग दिए जाने की खबर सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट से पता चला है कि बांग्लादेश से आकर एक आतंकी झारखंड के पाकुड़ जिले के कुछ युवकों को आतंक के रास्ते पर ले जाने की कोशिश कर रहा है। ऐसा कहा जा रहा है कि यह खुलासा एक खुफिया पत्र के जरिए हुआ है। पत्र में लिखा है कि बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद वहां के प्रतिबंधित संगठन भारत विरोधी आतंकी साजिश रच रहे हैं। साजिश के तहत कुछ आतंकी बांग्लादेश से झारखंड आ गए और पाकुड़ में कुछ लोगों को ट्रेनिंग देकर वापस लौट गए। मामले को लेकर झारखंड एटीएस ने अलर्ट जारी किया है।
जानकारी के मुताबिक झारखंड एटीएस को सूचना मिली है कि बांग्लादेश की सीमा पार कर जेएमबी आतंकी अब्दुल मम्मुन मुर्शिदाबाद के धुलियान के रास्ते झारखंड के पाकुड़ जिला आया था। उसने जेएएचए नाम के संगठन के सदस्यों के साथ बैठक की। इसके बाद उसने कई कैडरों को आतंकी ट्रेनिंग दी और फिर वापस लौट गया। पूरे मामले की अब एटीएस जांच कर रही है। वहीं सारे जिलों के एसपी और डीआईजी को गोपनीय सूचनाएं जुटा कर कार्रवाई के लिए पत्र भी लिखा है। पत्र में यह भी बताया गया है कि बंगाल और झारखंड के पाकुड़ के संदिग्ध शामिल हुए थे।
एटीएस को जानकारी मिली है कि अब्दुल मम्मुन बांग्लादेश के सतखीरा के गोपीनाथपुर इलाके का रहने वाला है। अवैध तरीके से सीमा पार करने के बाद वह 6 जनवरी को पाकुड़ आया था। वहीं जानकारी में यह भी बताया गया है कि जेएएचए- इंडिया और जमात उल मुजाहिदीन के सदस्यों के बीच एक बैठक भी पाकुड़ के इस्लामी दावा सेंटर दुबराजपुर में हुई थी। एक दिन की ट्रेनिंग के बाद अब्दुल वापस धुलियान के रास्ते बांग्लादेश लौट गया।
एटीएस को जानकारी मिली है कि बैठक में मुर्शिदाबाद के जलांगी के कई लोग शामिल हुए थे। बता दें कि बांगलादेशी प्रतिबंधित संगठन जेएमबी की सक्रियता संथाल परगना के साहिबगंज और पाकुड़ में पूर्व में भी रही है। इस संगठन के संदिग्धों और ओवर ग्राउंड वर्कर्स की जानकारी पूर्व में भी एटीएस ने जुटायी थी।






