सीएम से की बकाया भुगतान, व घर लौटने की व्यवस्था कराने की मांग
संताल एक्सप्रेस संवाददाता

मसलिया(दुमका) । प्रखंड के कोलारकोंडा और कथालिया पंचायत के दस मजदूर कर्नाटक राज्य में फंसे हुए हैं, उनके पास घर लौटने के लिए भी पैसे नहीं है। इन मजदूरों ने झारखंड सरकार से मदद की अपील की है। कर्नाटक में फंसे इन मजदूरों में से एक पुलिस हांसदा ने दूरभाष पर जानकारी दी है कि उनके पास न तो खाने के लिए और न ही घर लौटने के लिए पैसे हैं। पुलिस हांसदा के अनुसार, मसलिया प्रखंड के धरमपुर, सागबाड़ी, सुपाई डीह और पालन गांव के ये मजदूर 24 सितंबर को कर्नाटक पहुंचे थे। उन्हें कर्नाटक में काम के लिए कंपनी के ठेकेदार मनोज और नित्यानंद ने बुलाया था7 जहां काम करने की अवधि छह महीने बताई गई थी, जो एक मार्च को पूरी हो गई। हालांकि, इन मजदूरों का चार महीने का वेतन उनके बैंक खातों में भेज दिया गया, लेकिन बाकी दो महीने का वेतन अभी तक लंबित है। मजदूरों ने 1 अप्रैल को बकाया वेतन की मांग की थी, लेकिन ठेकेदार ने उनका वेतन देने से इंकार कर दिया और घर जाने की अनुमति भी नहीं दी। इसके बाद से मजदूरों ने काम पर जाना बंद कर दिया और उन्हें खाने के लिए राशन भी नहीं मिल रहा है। उनके पास केवल एक दिन का राशन बचा हुआ है और किसी के पास नगद पैसे भी नहीं हैं। पुलिस हांसदा ने कहा कि वे पाइप बनाने का काम करते हैं जिसके एवज में मजदूरी के तौर पर 14,000 रुपये प्रति माह प्राप्त करते हैं, जबकि मिस्त्री का काम करने वाले को 25,000 रुपये मिलते हैं। इन मजदूरों ने झारखंड सरकार से निवेदन किया है कि उनका बकाया भुगतान दिलाया जाए और घर लौटने के लिए सुरक्षित यात्रा की व्यवस्था की जाए।





