पत्नी ने चार लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
देवघर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पदस्थापित प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उनकी पत्नी जुली प्रसाद ने पति की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को बयान दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। जुली प्रसाद के अनुसार, शुक्रवार की शाम करीब चार बजे राकेश कुमार मुजफ्फरपुर समाहरणालय जाने के लिए ट्रेन पकड़ने की बात कहकर देवघर नगर थाना क्षेत्र के बिलासी टाउन प्रोफेसर कॉलोनी स्थित घर से जसीडीह स्टेशन के लिए निकले थे। वह अपने साथ दो मोबाइल फोन और एक बैग लेकर गए थे। उस समय उन्होंने जूता-मोजा पहन रखा था। रात करीब नौ बजे परिजनों को सूचना मिली कि राकेश कुमार बमबम बाबा कॉलोनी के पास बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़े हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुंह-नाक से झाग निकलने और मोबाइल गायब होने का दावा
जुली प्रसाद ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि राकेश कुमार के मुंह और नाक से झाग निकल रहा था। उनके दोनों मोबाइल फोन गायब थे और पैरों में जूते भी नहीं थे। इन परिस्थितियों के आधार पर उन्होंने पति की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
चार परिचितों पर लगाया हत्या का आरोप
जुली ने बमबम बाबा पथ स्थित बमबम बाबा कॉलोनी के निर्मल कुटीर फ्लैट में रहने वाली दिप्ती किरण उर्फ लवली और उसकी मां किरण देवी को पति का परिचित बताया है। उन्होंने दिप्ती किरण उर्फ लवली, किरण देवी, सोनू मलाकार और मोनू मलाकार पर मिलकर राकेश कुमार की हत्या करने और शव को सड़क किनारे फेंकने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस को दिए बयान में हत्या के कथित कारण का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है। जुली के अनुसार, राकेश कुमार ने शाम 6:47 बजे और फिर 7:58 बजे उन्हें फोन किया था। उनका दावा है कि फोन पर उन्हें राकेश की कराहने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद करीब नौ बजे उनके बेहोशी की हालत में मिलने की सूचना मिली। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल, मृतक के मोबाइल फोन, कॉल से जुड़े तथ्यों और आरोपित लोगों से संबंधित बिंदुओं की जांच की जा रही है। राकेश कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।


