फॉसिल्स पार्क में वन्य प्राणी सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम
स्कूली बच्चों ने पेंटिंग बना कर दिया वन व वन जीवों के संरक्षण-संवर्धन का संदेश
साहिबगंज। वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रगल गर्ग के निर्देश पर शनिवार को मंडरो स्थित फॉसिल्स पार्क में 2 से 8 अक्टूबर तक वन्य प्राणी सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।जिसमेंआस-पास के चार विद्यालयों के बच्चों में शिरकत की। सर्वप्रथम बच्चों को फॉसिल्स पार्क का भ्रमण कराते हुए उन्हें फॉसिल्स की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गयी। मंडरो वनपाल अखिलेश मरांडी ने उपस्थित बच्चों व लोगों को वन एवं जीवों की महत्ता, उनके संरक्षण, उनसे पर्यावरण को होने वाले लाभ की भी जानकारी दी। साथ ही वन व वन जीवों के संरक्षण व संवर्धन के लिए लोगों को जागरूक व प्रेरित करने की अपील भी की। कहा कि मानव जीवन का वन व वन जीवों से गहरा नाता है। इनके संरक्षण से ही मानवों का अस्तित्व निर्भर करता है। वहीं इस दौरान पार्क परिसर में स्वछता अभियान चलाया गया। जिसके बाद बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में एसएस हाई स्कूल माल मंडरो, मिडिल स्कूल माल मंडरो, प्लस टू हाई स्कूल मंडरो व कन्या हाई स्कूल मंडरो के छात्र-छात्राओं ने कैनवास पर वन व वन जीवों की तस्वीर उकेरी। मौके पर वन रक्षी सनी रजक, भारतीय वन्यजीव संस्थान से वरुण कुमार, स्कूल शिक्षक कालीपद मुर्मू, संजीव कुमार सिंह, संजय हांसदा सहित वन कर्मी मौजूद थे।


