अजमेर । सुदूर देशों से आने वाले प्रवासियों पक्षियों में प्रमुख पेलिकन ने अजमेर से दूरी बना ली है। हर साल आनासागर और फॉयसागर झील में सैकड़ों की तादाद में आने वाले इस यूरोपियन पक्षी की आमद इस बार केवल आनासागर में हुई है। लेकिन वहां भी कम।
प्रमुख झीलों पर चौंकाने वाली बात सामने आई कि इस बार फॉयसागर में एक भी पक्षी अब तक नहीं पहुंचा है। जबकि आनासागर में पेलिकन के अलावा गल और कॉमन कूट भी आए हैं। इन तीनों की ही संख्या बहुत कम है। वन विभाग की पक्षी गणना की पद्धति के आधार पर आनासागर में इन पक्षियों की गिनती की गई। आनासागर के चारों ओर कुल 48 ही पेलिकन नजर आए। इसके अलावा कॉमन कूट की संख्या 118 दर्ज की गई है। गल की संख्या भी इस बार कम है।
लेकिन चौंकाने वाली बात है कि फॉयसागर में इस बार एक भी प्रवासी पक्षी नहीं पहुंचा है। यहां लोकल पक्षी भी नजर नहीं आए। इस बारे में डॉ. आबिद अली ने बताया कि ज्यादातर प्रवासी पक्षी अपने क्षेत्रों में बर्फ जमने से केवल जिंदा रहने के मकसद से आते हैं। भोजन-पानी पर्याप्त मात्रा में मिलने से पिछली बार 350 से ज्यादा पेलिकन मौजूद थे। यह अक्टूबर के आखिर से ही आना शुरू हो जाते हैं, लेकिन इस बार दिसंबर खत्म होने पर भी संख्या 50 तक ही मुश्किल से पहुंची है। कॉमन कूट भी पिछली बार 500 जबकि फॉयसागर में इनकी संख्या 1000 से ज्यादा थी। गल भी इस बार कम हैं।
आनासागर पर आने वाले लोग पक्षियों को रिझाने के लिए ब्रेड के बड़े-बड़े टुकड़े पानी में फेंक रहे हैं। यहां कुछ लोग अस्थायी दुकान ही लगाकर बैठे हैं। ब्रेड, आटे की गोलियां, दाने आदि बेच रहे हैं और पर्यटक खरीद कर पानी में फेंक रहे हैं। जानकारों का कहना है कि इन पक्षियों को मछलियां पर्याप्त मात्रा में मिल रही है। जलीय जीवों को खाकर ही यह पक्षी विकास करते हैं। जबकि ब्रेड, टोस्ट, आटा, चना यह सब इनके स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


