एजेंसी

नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को डॉक्टरों पर बढ़ते हमलों से रक्षा के लिए दिशानिर्देश बनाने की मांग करने वाली याचिकाओं पर सुनवाई से इनकार कर दिया। शीर्ष कोर्ट ने कहा कि हर चीज की निगरानी करना कोर्ट का काम नहीं है। जस्टिस बेला एम. त्रिवेदी और जस्टिस प्रसन्ना बी. वराले की बेंच ने सुप्रीम कोर्ट के एक पुराने फैसले का हवाला दिया और कहा कि ऐसे मामलों से संबंधित दिशानिर्देश पहले ही बनाए जा चुके हैं और याचिकाकर्ता अगर चाहें तो उचित कानूनी प्रक्रिया अपना सकते हैं। बेंच ने कहा, आप सुप्रीम कोर्ट से यह उम्मीद नहीं कर सकते कि वह हर काम और गतिविधि पर नजर रखे। याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश वकील ने जब डॉक्टरों पर हो रहे हमलों का जिक्र किया, तो बेंच ने कहा, ये सभी घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं, लेकिन सुप्रीम कोर्ट यहां बैठकर हर एक घटना की निगरानी नहीं कर सकता। याचिकाएं 2022 में दायर की गई थीं, जिनमें डॉक्टरों पर बढ़ते हमलों का जिक्र करते हुए उनकी सुरक्षा के लिए व्यापाक दिशानिर्देश बनाने की मांग की गई थी।
नेताओं की खाल मोटी होनी चाहिए : सुप्रीम कोर्ट
शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ कांग्रेस नेता विवेक तन्खा की आपराधिक मानहानि याचिका पर सुनवाई
नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ कांग्रेस नेता विवेक तन्खा की आपराधिक मानहानि याचिका पर सुनवाई करते हुए इस मामले में आपसी सौहार्द से सुलझाने की अपील की है। अदालत ने सुनवाई करते हुए ये भी कहा कि नेता होने के नाते आपको मोटी चमड़ी वाला होना चाहिए। पीठ ने अब इस मामले की सुनवाई 21 मई तक के लिए स्थगित कर दी है। इस मामले में निचली अदालत से जारी जमानती वारंट को चुनौती देने वाली केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई कर रहा है। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा कि नेता होने के नाते आपको मोटी चमड़ी वाला होना चाहिए। कोई आसमान नहीं गिर पड़ेगा। इस पर कांग्रेस नेता विवेक तन्खा के वकील कपिल सिब्बल ने कहा कि राजनेताओं को मोटी चमड़ी वाला होना चाहिए, लेकिन वकीलों को नहीं। सुप्रीम कोर्ट ने सलाह देते हुए कहा कि ये ऐसे मामले हैं, जिन्हें अदालत के बाहर सुलझाया जा सकता है। तो तन्खा के वकील कपिल सिब्बल ने कहा कि अगर शिवराज सिंह अपने बयान के लिए खेद व्यक्त करते हैं तो हम इसे सुलझाने पर विचार करेंगे।





