दुमका। विश्वविद्यालय के शिक्षकेतर कर्मियों का गुरुवार को जारी हड़ताल एवं तालाबंदी के एक माह पूरे हो चुके लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन अपने कर्मचारियों के एक सूत्री मांग को पूरा करने में विफल रही है। हमारी मांग पर विश्वविद्यालय प्रशासन मौन है किन्तु सभी पदाधिकारियों एवं शिक्षकों को दिसंबर माह का भी वेतन भुगतान कर दिया गया। आज 2 माह हो गए शिक्षकेतर कर्मियों को वेतन भुगतान नहीं किया गया।
इस विश्वविद्यालय के इतिहास में यह पहली बार हो रहा है कि दिवाली एवं छठ जैसे त्यौहार पर वेतन की कटौती कर ली गई और उन्हें नवम्बर एवं दिसंबर माह के वेतन से वंचित कर दिया गया।
काफी आक्रोशित हो कर महासंघ के सचिव नेतलाल मिर्धा ने विश्वविद्यालय प्रशासन के इस अमानवीय कृत को विश्वविद्यालय प्रशासन की कर्मचारियों के हित के प्रति उदासीनता और प्रशासन की विफलता करार दिया।
श्री मिर्धा ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी तरह से कर्मचारी विरोधी है और आज अगर उनकी मांग को मान भी लिया गया तो कर्मचारी ऐसे पदाधिकारियों के साथ कार्य करने में सहज महसूस नहीं करेंगे। “इतने निष्ठुर विश्वविद्यालय प्रशासन की हमने कभी कल्पना भी नहीं की थी।” क्रिसमस एवं नए वर्ष में उपलक्ष्य में शिक्षकेतर कर्मचारियों के मांगों को नजरअंदाज कर, एवं सभी शिक्षकों को वेतन देकर कुलपति ने यह अहसास करा दिया कि वे कर्मचारी विरोधी हैं एवं यहां के छात्र छात्राओं के सुनहरे भविष्य के भी विरोधी हैं।अब तो बात जिद की है और हम कर्मचारी बिना सातवां वेतन लिए हड़ताल नहीं तोड़ने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।






